नारियल में पानी नहीं होने पर बिहार में मारपीट, 10 लोग जख्मी; 4 की हालत गंभीर और छह अरेस्ट
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि बभनी निवासी शिवाजी सिंह की दुकान से उसी गांव का मनीष कुमार सिंह पानी वाला नारियल खरीद कर घर ले गया था । लेकिन दूसरे दिन उसने नारियल लाकर शिकायत की कि इसमें पानी नहीं था लिहाजा इसका पैसा वापस करो।

नारियल में पानी नहीं होने पर बिहार में बवाल हो गया। रोहतास जिले के सासाराम में नारियल पानी को लेकर जमकर मारपीट हुई है। सासाराम में करगहर थाना क्षेत्र के बभनी बाजार में मंगलवार की देर शाम नारियल में पानी नहीं होने के विवाद में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए । जिन्हें सीएचसी में भर्ती किया गया । जहां चिकित्सकों ने चार लोगों की गंभीर स्थिति देखते हुए रेफर कर दिया ।
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि बभनी निवासी शिवाजी सिंह की दुकान से उसी गांव का मनीष कुमार सिंह पानी वाला नारियल खरीद कर घर ले गया था । लेकिन दूसरे दिन उसने नारियल लाकर शिकायत की कि इसमें पानी नहीं था लिहाजा इसका पैसा वापस करो। इसी बात को लेकर दोनों में तू-तू मैं-मैं हुई। मामला बढ़ता गया और फिर गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई । बाद में इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठियां चलीं।
इस घटना में 10 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिनमें संजय सिंह, मुकेश कुमार सिंह , शिवाजी सिंह, राजेश कुमार सिंह तथा दूसरे पक्ष के प्रिंस कुमार, सुदर्शन सिंह, आशा देवी ,निर्भय कुमार सिंह ,बजरंगी सिंह आदि शामिल है । इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।
जिसके आलोक में राजेश महतो पिता कामेश्वर सिंह ,विक्की कुमार , विवेक कुमार तीनो पिता शिवजी सिंह तथा दूसरे पक्ष के प्रिंस कुमार , निर्भय कुमार , बजरंगी कुमार तीनो पिता सुदर्शन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिन्हें न्यायालय में बुधवार को उपस्थित किया गया है । बताया गया है कि दोनों पक्षों की ओर से 30 लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है । अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है ।
मामा ने भांजे को पीट पीटकर मार डाला
इधर बिहार के ही मुजफ्फरपुर में मामा ने अपने भांजे को पीट-पीट कर मार डाला है। दरअसल यहां अमनौर पंचायत के माधोपुर में 15 मार्च को हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल युवक ने बुधवार को मेडिकल में दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि पुराने विवाद में आमोद ठाकुर के पुत्र मृतक आकाश कुमार ठाकुर (26) को उसके मामा श्रीराम ठाकुर ने जमकर पिटाई कर दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। परिजनों की मदद से आकाश को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया था। आरोपित और उसके परिजन घर छोड़कर फरार हैं। दोनों मामा-भांजे का घर अतरार माधोपुर में ही है।
घटना की सूचना पर बेदौल ओपी के दारोगा मनोज कुमार माधोपुर पहुंचे। परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पहले साला और पुत्र में पुराने विवाद को हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें लाठी से आकाश के सिर पर जोरदार प्रहार किया गया था। बेहोशी की हालत में मेडिकल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार की सुबह दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। औराई थानेदार हेमलता कुमारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। परिजनों का फर्द बयान आने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं।




साइन इन