बिहार में तकिया से मुंह दबाकर 15 दिन के बच्चे की हत्या, मां बोली- भगते समय छूटा कातिल का मोबाइल
मां ने कहा, ‘मैं एवं मेरे परिवार के अन्य सदस्य घरेलू कार्य से छत पर गए थे। कुछ देर बाद नीचे उतर ही रहे थे कि नवजात के कमरे से निकलकर जयहिन्द पासवान भागने लगा। भागने के क्रम में उसका मोबाइल कमरे में ही छूट गया।’

बिहार में 15 दिन के एक बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। भागलपुर जिले में खरीक थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में मामूली विवाद में 15 दिन के एक नवजात की हत्या कर दी गई। नवजात बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर बाजार निवासी पप्पू पासवान का पुत्र धर्म कुमार था। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। जहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। वहां से मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की मां काजल कुमारी के बयान पर खरीक थाना में केस दर्ज किया गया है।
मृतक की मां ने कहा है कि बीते पांच माह से मैं अपने मायके में रह रही हूं। 14 मार्च को मेरे घर के एक बच्चे ने छत से पड़ोस के जयहिन्द पासवान के घर पर जूता फेंक दिया। जिसको लेकर उस दिन जयहिन्द पासवान ने गाली-गलौज और मारपीट की थी। आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। किन्तु, जयहिन्द पासवान एवं उसके परिवार के अन्य सदस्य उसी दिन से गाली-गलौज कर रहे थे। मंगलवार सुबह आठ बजे मेरा नवजात घर के निचले कमरे में चौकी पर अकेले था।
मैं एवं मेरे परिवार के अन्य सदस्य घरेलू कार्य से छत पर गए थे। कुछ देर बाद नीचे उतर ही रहे थे कि नवजात के कमरे से निकलकर जयहिन्द पासवान भागने लगा। भागने के क्रम में उसका मोबाइल कमरे में ही छूट गया। मैं अपनी बहन गुड़िया कुमारी, साक्षी कुमारी के साथ दौड़कर जयहिन्द को पकड़ने का प्रयास किया, किन्तु, वह भागकर अपने घर चला गया।
हमलोग उसके घर पहुंचे तो जयहिन्द पासवान की पत्नी नीलम देवी एवं बेटी वर्षा कुमारी ने जान मारने की नीयत से मेरी छोटी बहन साक्षी कुमारी को ईंट से मारकर उसका सिर फोड़ दिया। मेरी छोटी बहन भी लहूलुहान हो गई। मेरा दावा है कि जयहिन्द पासवान ने तकिया से मुंह दबाकर नवजात की हत्या की है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।




साइन इन