एक बेटे की हत्या की, दूसरे को भाला मार पेट फाड़ दिया; पानी के लिए बाप बन गया हैवान
बेतिया (पश्चिम चंपारण) के बैरिया में एक पिता ने पानी गिराने के विवाद में अपने एक बेटे की हत्या कर दी और दो अन्य बेटों को घायल कर दिया। घायलों में एक का पिता ने भाला मारकर पेट फाड़ दिया।

Bettiah News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक बाप ने जमीन के लिए अपने ही बेटों का खून बहा दिया। घटना बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा पंचायत स्थित मठिया गांव की है। शुक्रवार सुबह पिता ने पानी के विवाद में भाला मारकर एक बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि दूसरे का पेट फाड़ दिया। बाप के हमले में तीसरा बेटा भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान मठिया गांव निवासी 38 वर्षीय विजय पटेल के रूप में हुई है। बेतिया स्थित सकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। विजय के दो भाई अखिलेश पटेल और कमलेश पटेल की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका बेतिया जीएमसीएच में इलाज चल रहा है।
परिवार में खून-खराबे की सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी पिता सुरेश पटेल के साथ उसके पोते गौरव एवं शिवम पटेल को गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार सुबह बाप-बेटों में हुई इस हिंसक झड़प से पूरा इलाका थर्रा उठा। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार एवं एसडीपीओ-2 रजनीश कांत प्रियदर्शी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पानी गिराने को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि मठिया गांव निवासी सुरेश पटेल और उसके बेटों के बीच दरवाजे पर लगी टंकी का पानी गिराने को लेकर विवाद हो गया। पहले इन लोगों में कहासुनी हुई। फिर झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। तमतमाए पिता सुरेश ने अपने पोतों के साथ मिलकर बेटों पर नुकीले भाले से जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले में सुरेश के तीनों बेटे विजय, अखिलेश और कमलेश बुरी तरह जख्मी हो गए। बाद में इन्हें जीएमसीएच बेतिया ले जाया गया, जहां विजय की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार में जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था। पिता द्वारा अपने बेटों का खून बहाए जाने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। गांव वाले भी दहशत में आ गए।
पुलिस ने क्या कहा?
सीडीपीओ-2 रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ जारी है। तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है।
(पश्चिम चंपारण के बैरिया और श्रीनगर से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन