Purnea Crime News dead body of missing girl recovered in maize field NH 31 blocked Police chased away मेला घुमाने के नाम पर लड़की से रेप, दोस्तों से संबंध ना बनाने पर मारकर फेंका, पूर्णिया मर्डर केस में खुलासा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मेला घुमाने के नाम पर लड़की से रेप, दोस्तों से संबंध ना बनाने पर मारकर फेंका, पूर्णिया मर्डर केस में खुलासा

Purnea Crime News: पूर्णिया में 11 मार्च से लापता लड़की को एक दोस्त मेला घुमाने के नाम पर ले गया और रेप के बाद अपने बाकी दोस्तों से संबंध बनाने कह रहा था। गैंगरेप की कोशिश में लड़कों ने उसे मार डाला।

Fri, 20 March 2026 02:26 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, डगरुआ-बायसी
share
मेला घुमाने के नाम पर लड़की से रेप, दोस्तों से संबंध ना बनाने पर मारकर फेंका, पूर्णिया मर्डर केस में खुलासा

Purnea Crime News: पूर्णिया के डगरुआ थाना के विश्वासपुर से 11 मार्च से लापता 18 साल की लड़की का शव मक्का के खेत में मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 31 को चार घंटे जाम रखा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। लड़की रामपुर पंचायत के चतरा की रहने वाली थी। परिजनों ने बताया था कि मृतका 11 मार्च की रात में शौच करने घर से निकली थी। 12 मार्च को परिजनों ने डगरुआ थाना में तहरीर दी थी। पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने जांच से मिली जानकारी का खुलासा करते हुए कहा है कि लड़की एक लड़के के संपर्क में थी, जो मेला घुमाने पर नाम पर ले गया था। लड़के ने एक दोस्त की दुकान में लड़की से रेप किया और फिर बाकी दोस्तों से संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। लड़की ने मना कर दिया तो संघर्ष के दौरान उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में छुपा दिया।

मौके पर एएसपी समेत चार थानों की पुलिस, समझा-बुझाकर हटाया गया जाम

लड़की का शव मिलने के बाद ग्रामीमों के आंदोलन की सूचना पर जिला मुख्यालय से एडिशनल एसपी आलोक रंजन मौके पर पहुंचे। अनुमंडल क्षेत्र के डगरुआ, बायसी, अमौर, रौटा एवं जिला मुख्यालय से भारी मात्रा में पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान भी वहां बुला लिए गए। घटना की सूचना मिलने पर बायसी विधायक गुलाम सरवर भी वहां पहुंचे। सबने मिलकर लोगों को समझाया, जिसके बाद एडिशनल एसपी आलोक रंजन ने जाम समाप्त करवाया।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद: पुलिस

एडिशनल एसपी आलोक रंजन ने बताया कि इस मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि केस के एक अभियुक्त को बीती रात गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत में उसकी निशानदेही पर ही शव बरामद की गई है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि एक अभियुक्त की बीती रात गिरफ्तारी हुई थी, जिसकी निशानदेही पर आज सुबह 4 बजे मक्का के खेत से उसका शव बरामद हुआ है।

मेला दिखाने ले गया था दोस्त, दुकान में गैंगरेप का विरोध करने पर हत्या

पूर्णिया पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि 12 मार्च को सुखदेव चौधरी द्वारा डगरूआ थाना में 18 वर्ष की पुत्री के अपहरण में अज्ञात के विरुद्ध कांड दर्ज करवाया गया था। तकनीकी अनुसंधान के क्रम में एक अभियुक्त सचिन (20 वर्ष) को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में बताया कि चार महीने से वह लड़की के संपर्क में था। फोन पर लगातार बातचीत होती थी। 11 मार्च को सचिन अन्य दोस्तों और लड़की के साथ मेला देखने गया था। सचिन ने एक दोस्त की दुकान में बलात्कार किया और अपने बाकी दोस्तों से संबंध बनाने कहा। इसी संघर्ष में लड़की की हत्या कर दी गई और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को खेत में छुपा दिया गया ।

एसपी स्वीटी सहरावत के मुताबिक अभियुक्त सचिन की निशानदेही पर शव को बरामद किया गया है। एफएसएस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए रेड चल रहा है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।