फेसबुक वाली फैशन डिजाइनर निकली ठग, शादी का झांसा देकर पटना के कारोबारी से 74 लाख की ठगी
भावनात्मक लगाव बढ़ने के बाद युवती ने पीड़ित को बिटकॉइन ट्रेडिंग में मोटी कमाई का लालच दिया। उसे बिटकॉइन ट्रेडिंग करने वाली वेबसाइट पर रुपये जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। भरोसा दिलाने के लिए कारोबारी को निवेश पर होने वाले कथित मुनाफे के स्क्रीनशॉट भी भेजे गए।

महिला साइबर ठग ने फेसबुक के माध्यम से पटना सिटी के एक कारोबारी से संपर्क कर पहले दोस्ती की। उसने खुद को फैशन डिजाइनर बताकर पहचान बढ़ाई और फिर शादी का प्रस्ताव देकर पीड़ित का विश्वास जीत लिया। इसके बाद बिटकॉइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर कारोबारी से ऑनलाइन 74.92 लाख रुपये निवेश करा लिये। जब कारोबारी ने रुपये निकालने की कोशिश की तो वे इसमें विफल रहे।
ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित का अपना कारोबार है। बीते दिनों फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान बेंगलुरु निवासी एक युवती से हुई थी। फोन नंबर लेने के बाद दोनों के बीच लंबी बातचीत होने लगी। युवती ने खुद को फैशन डिजाइनर बताते हुए कारोबारी के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया।
भावनात्मक लगाव बढ़ने के बाद युवती ने पीड़ित को बिटकॉइन ट्रेडिंग में मोटी कमाई का लालच दिया। उसे बिटकॉइन ट्रेडिंग करने वाली वेबसाइट पर रुपये जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। भरोसा दिलाने के लिए कारोबारी को निवेश पर होने वाले कथित मुनाफे के स्क्रीनशॉट भी भेजे गए।
कंपनी में 20 हजार रुपये जमा करने पर 1.16 लाख रुपये का लाभ दिखाया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने झांसे में लेकर कारोबारी से 47 बार में कुल 74.92 लाख रुपये ठग लिए। कुछ समय बाद जब पीड़ित ने अपनी राशि निकालने की कोशिश की तो उनसे 25 प्रतिशत अतिरिक्त राशि सिक्योरिटी के रूप में जमा करने को कहा गया। इसके बाद कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर थाना में मामला दर्ज कराया।
रुपये डबल करने का झांसा देकर आठ लाख ठगे
उधर, साइबर बदमाशों ने ऑनलाइन रुपये डबल करने का झांसा देकर बाजार समिति निवासी एक युवक से आठ लाख रुपये ठग लिए। वहीं शातिरों ने मसौढ़ी निवासी व्यक्ति के दो खातों से चार लाख रुपये और सुल्तानगंज निवासी एक व्यक्ति के खाते से एक लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली।
चालू खाता खुलवा रुपये मंगाने वाले दो गिरफ्तार
इधर पटना में साइबर पुलिस ने लोगों के नाम पर चालू खाता खुलवाकर उसमें साइबर ठगी के लाखों रुपये मंगाने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपित सरकारी योजनाओं का लाभ अथवा लोन दिलाने के नाम पर लोगों से दस्तावेज ले लेते थे। बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उनके नाम से करंट अकाउंट खुलवाकर उसमें साइबर ठगी की राशि का लेनदेन किया जाता था। गिरफ्तार ठगों की पहचान नालंदा निवासी संजय कुमार और नवादा निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। गिरोह पिछले कई वर्षों से साइबर ठगी कर रहा था। इसमें आरोपितों की महिला मित्रों के भी शामिल होने की बात सामने आई है।
साइबर पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है। डीएसपी व साइबर थाना प्रभारी नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि पटना निवासी आदित्य कुमार शर्मा ने उनके नाम से खुलवाए गए खाते में साइबर ठगी के 66 लाख रुपये मंगाए जाने की शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई। जांच में पता चला कि अभिषेक और संजय लोगों को झांसा में लेकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे। पुलिस टीम ने शुक्रवार को रामकृष्णानगर के जकरियापुर स्थित विजय भूषण के मकान आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कमरे से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, 13 चेकबुक और एक पासबुक बरामद की गई।




साइन इन