बिहार में पंजाब मेल में मिला फर्जी टीटीई, शराब के साथ अरेस्ट
जब यात्रियों से पूछताछ की गई तो एक व्यक्ति ने खुद को टिकट चेकिंग अधिकारी बताते हुए ट्रॉली बैग को अपना बताया। जवानों ने जब उससे रेलवे का पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा तो उसने कोई वैध कागजात नहीं दिखाया। इसके बाद उससे ट्रॉली बैग को खोलकर दिखाने के लिए बोला गया तो वह भागने लगा।

पटना में रेल पुलिस ने डाउन पंजाब मेल में चेकिंग के दौरान सोमवार को वातानुकूलित कोच से एक फर्जी टीटीई को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से शराब के अलावा, एक टैबलेट, दो मोबाइल, काला रंग का कोट और दो नेम प्लेट बरामद किया गया है। आरोपित के खिलाफ रेल थाना में केस दर्ज कर उसे कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रेल एसपी ने बताया कि रेल परिक्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए जीआरपी की टीम लगाई गई है। सोमवार को रेल पुलिस की विशेष टीम ने डाउन पंजाब मेल में जांच की। इसमें वातानुकूलित कोच संख्या ए-वन में वर्थ संख्या 24 के पास एक काला रंग का ट्रॉली बैग संदिग्ध स्थिति में मिला।
जब यात्रियों से पूछताछ की गई तो एक व्यक्ति ने खुद को टिकट चेकिंग अधिकारी बताते हुए ट्रॉली बैग को अपना बताया। जवानों ने जब उससे रेलवे का पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा तो उसने कोई वैध कागजात नहीं दिखाया। इसके बाद उससे ट्रॉली बैग को खोलकर दिखाने के लिए बोला गया तो वह भागने लगा। शक के आधार पर जवानों ने उसे पकड़ लिया।
यूपी के गाजीपुर का रहने वाला है आरोपित
वह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमनिया थाना इलाके के लहुबार का रजनीकांत यादव बताया जाता है। जब उससे ट्रॉली बैग में रखे सामानों के बारे में पूछताछ की गई तो उसने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 18 लीटर अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल, एक टैबलेट, आधार, पैन, एक काला कोट और दो नेम प्लेट बरामद हुआ। उसे जालसाजी और शराब की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।




साइन इन