Bihar Weather Report: बिहार के दक्षिण और उत्तर में ठनका-आंधी से आफत, 2 जिलों में बारिश का अलर्ट; मौसम का हाल
Bihar Weather Report: पश्चिम चंपारण और कैमूर के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। जबकि अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं। दक्षिण बिहार एवं उत्तर-पूर्वी भाग के जिलों में बिजली व ठनका गिरने को लेकर येलो अलर्ट है।

Bihar Weather Report: बिहार में इस माह कम बारिश होगी। इस कारण से लोगों को गर्मी सताएगी। मौसम विभाग ने मंगलवार को जुलाई का पूर्वानुमान रिपोर्ट जारी कर बताया कि राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। जुलाई के दौरान बिहार में औसत सामान्य बारिश 340.5 मिलीमीटर है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। जबकि राज्य का सामान्य अधिकतम तापमान 32 से 36 और सामान्य न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
जून में सामान्य से 36% कम बारिश हुई। जबकि 19 दिन राज्य के अलग-अलग जगहों पर ठनका गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने बुधवार को पश्चिम चंपारण और कैमूर के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। जबकि अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं। दक्षिण बिहार एवं उत्तर-पूर्वी भाग के जिलों में बिजली व ठनका गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य के 36 जिलों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मधुबनी और शिवहर को छोड़ राज्य के सभी जिलों में बारिश हुई। इस दौरान रोहतास में 40.2, पटना में 38.4, बक्सर में 25.3, भागलपुर में 20, आरा में 19.4, वैशाली में 15.9, जहानाबाद में 15.7, गया व पश्चिमी चंपारण में 14.8, समस्तीपुर में 13.3, नालंदा में 12.6, सीवान में 11.8, आरा में 10.5, किशनगंज में 10.4 मिलीमीटर बारिश हुई। अन्य जगहों पर 10 मिलीमीटर से कम बारिश में हुई।
पटना में आज भी छाये रहेंगे बादल, होगी बारिश
पटना में बुधवार को भी बादल छाया रहेगा। एक-दो स्थानों पर बिजली और ठनका गिरने के साथ बारिश होने की भी संभावना है। जबकि सोमवार रात से मंगलवार सुबह और देर शाम राजधानी के विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 38.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दोपहर में सूरज की तल्ख तेवर के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। राजधानी के अधिकतम तापमान में 0.6 और न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।




साइन इन