बिहार के पूर्णिया में मुठभेड़, यूपी के 2 रिटायर्ड आर्मी जवान समेत 5 अरेस्ट; हथियार भी मिले
एसडीपीओ के नेतृत्व में शहर के कई थानों की पुलिस के साथ टेक्निकल सेल की टीम बताए स्थान पर पहुंची तभी आरोपियों की ओर से दो राऊंड फायरिंग की गई। जवाब में टेक्निकल सेल की टीम ने आरोपियों को चेतावनी देते हुए एक फायर किया। जिसके बाद हथियार के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया

बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। यहां केहाट थाना क्षेत्र के पूर्णिया कॉलेज चौक के समीप बदमाशों के साथ मुठभेड़ में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने दो राइफल, 53 गोलियां एवं दो खोखा बरामद किया है। घटनास्थल से दो लग्जरी वाहन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरसी निवासी सिट्टू सिंह, यूपी के दो गार्ड (रिटायर्ड आर्मी जवान) कासगंज जिले के पटियाली थानान्तर्गत भेसरासी निवासी मुकेश सिंह एवं एटा जिले के नया गांववासी नरसिंह सिंह, कटिहार के फलका थाना के चंदवा गांव निवासी शुभम कुमार एवं भागलपुर जिले के गोपालपुर थानान्तर्गत लतरा गांव वासी रूपेश कुमार के रूप में हुई है।
एसपी स्वीटी सहरावत ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि सरसी थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट एवं महेशखूंट थाना में हत्या के मामले में इनामी बदमाश छोटू सिंह को सिट्टू सिंह, पुंकेश एवं अन्य साथियों के साथ कुछ दिन पहले शहर के मधुबनी थाना क्षेत्र में देखा गया था। जिसकी सूचना पर पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का सत्यापन किया और मधुबनी थाना में केस दर्ज किया। रविवार शाम पुलिस को मधुबनी थाना में दर्ज आरोपियों के पूर्णिया कॉलेज चौक के समीप इकट्ठा होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
सूचना पर सदर वन एसडीपीओ के नेतृत्व में शहर के कई थानों की पुलिस के साथ टेक्निकल सेल की टीम बताए स्थान पर पहुंची तभी आरोपियों की ओर से दो राऊंड फायरिंग की गई। जवाब में टेक्निकल सेल की टीम ने आरोपियों को चेतावनी देते हुए एक फायर किया। जिसके बाद हथियार के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो-तीन बदमाश भागने में कामयाब रहे। धराए आरोपियो में मुकेश सिंह (कासगंज) और नरसिंह सिंह (अकबरपुर थाना नया गांव जिला एटा, यूपी) के रहने वाले हैं और दोनों रिटायर्ड आर्मी जवान हैं।
वहीं रूपेश कुमार नवगछिया का रहने वाला है। उसका आपराधिक इतिहास रहा है। सिट्टू सिंह का भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ है कि मुठभेड़ के दौरान बीकोठी थाना के मौजमपट्टी निवासी कुख्यात शाहिल सौरभ भी घटना स्थल पर मौजूद था। मौका पाकर वह अन्य बदमाशों के साथ भागने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस की टीम ने रात भर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार पूर्णिया कॉलेज चौक पर शाहिल का घर बन रहा है, जहां आरोपी इकट्ठे हुए थे।




साइन इन