बिहार के मधुबनी में एनकाउंटर, कुख्यात अरसद को पुलिस ने मारी गोली; लोडेड पिस्टल मिला
एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को जब रुकने का इशारा किया गया, तो उनमें से एक ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी अरसद के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।

बिहार के मधुबनी जिले में राजनगर थाना क्षेत्र के रामपट्टी-राजनगर स्टेट हाइवे पर रविवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में शातिर अपराधी मो. अरसद पैर में गोली लगने से घायल हो गया। अरसद पर लूट और छिनतई के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को चार दिन पूर्व हुए चर्चित जयराम मंडल हत्याकांड में उसकी संलिप्तता का संदेह है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने अरसद को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। गोलीबारी के दौरान दो बदमाश भाग निकले।
वाहन चेकिंग के दौरान हुई फायरिंग
एसपी योगेंद्र कुमार ने रविवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 10 फरवरी को राघोपुर बलाट समाधि टोल निवासी जयराम मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिली थी कि इस कांड में शामिल अपराधी रामपट्टी-राजनगर एसएच से गुजरने वाले हैं। इसी आधार पर पुलिस ने बलाट गांव के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को जब रुकने का इशारा किया गया, तो उनमें से एक ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी अरसद के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इस बीच उसके दो अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
मो. अरसद राजनगर थाना क्षेत्र के गौसनगर का रहने वाला है। उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी ने बताया कि अरसद पर लूट, छिनतई और चोरी के करीब आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। जयराम मंडल हत्याकांड में उसकी भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। मौके से पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल जब्त की है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के बाद चेकिंग में अरसद के भाई अमन अमीर समेत तीन शातिरों को आर्म्स व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पटना में एनकाउंटर
आपको बता दें कि बिहार पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने के लिए लगातार ऐक्शन ले रही है। इससे पहले 11 फरवरी की सुबह राजधानी पटना में भी पुलिस ने एक अपराधी के पैर में गोली मारी थी। यहां एसटीएफ की टीम ने राजीव कुमार उर्फ सूर्या को पैर में गोली मार दी थी। सूर्या पर लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने और धोखाधड़ी समेत कई केस दर्ज थे। सूर्या को पकड़ने के लिए आलमगंज थाने की टीम और एसटीएफ की टीम गई थी लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। बाद में एसटीएफ ने मोर्चा संभालते हुए उसके पैर में गोली मार दी थी।




साइन इन