पहले डोनाल्ड ट्रंप का नकली आधार कार्ड बनाया, फिर बिहार में निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन
बिहार के समस्तीपुर जिले में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम और फोटो के साथ निवास प्रमाण पत्र बनाने का आवेदन दिया गया। इसमें ट्रंप का फर्जी आधार कार्ड भी लगाया गया।

बिहार में निवास प्रमाण पत्र के फर्जी आवेदनों की झड़ी लग गई है। डॉग बाबू, सोनालिका ट्रैक्टर, डोगेश बाबू के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आवासीय प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन दे दिया गया। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। बिहार के सामान्य प्रशासन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला समस्तीपुर जिले का है। आवेदनकर्ता ने डोनाल्ड ट्रंप का फर्जी आधार कार्ड भी एप्लीकेशन के साथ अटैच किया था।
जानकारी के अनुसार, आवेदनकर्ता ने पहले फोटो और नाम में हेरफेर करके डोनाल्ड ट्रंप का फर्जी आधार कार्ड बनाया। फिर ट्रंप का ही नाम और फोटो लगाकर निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर दिया। यह आवेदन समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर प्रखंड में किया गया। विभाग के अनुसार यह एक गहरी साइबर धोखाधड़ी और सरकारी तंत्र में प्रवेश का दुरुपयोग है।
इस मामले में सबसे पहले प्रखंड की महिला राजस्व पदाधिकारी ने तत्परता दिखाई और आवेदन की गहन जांच की। विभाग का दावा है कि जिला प्रशासन द्वारा इस मामले में कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी यह सामने नहीं आया है कि यह आवेदन किसने किया था और इसके पीछे का मकसद क्या था। पूरी जांच होने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
बीते कुछ दिनों के अंदर इसी तरह के मामले अन्य जिलों से भी आ चुके हैं। पटना जिले में कुत्ते का फोटो लगा डॉग बाबू नाम से फर्जी निवास प्रमाण पत्र जारी भी कर दिया गया। इस केस में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, उसके कुछ राजनेताओं से संबंध भी सामने आए थे।
इसके अलावा मोतिहारी में एक्ट्रेस मोनालिसा की तस्वीर के साथ सोनालिका ट्रैक्टर के नाम से निवास प्रमाण पत्र बनाने का आवेदन दिया गया था। इसी तरह, नवादा में डोगेश बाबू का नाम से कुत्ते का सर्टिफिकेट का आवेदन सामने आया था। सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




साइन इन