सिरफिरे आशिक का खौफनाक बदला; प्रेमिका के 7 साल के बेटे का गला रेता, पंजे भी काट दिया
मासूम की मां के साथ आरोपित का प्रेम-प्रसंग है। इस बीच महिला किसी दूसरे युवक से बातचीत करने लगी, जो सिकिंद्र को नागवार गुजरा।

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक सिरफिरे आशिक ने अपनी माशुका से कथित बेवफाई का ऐसा बदला लिया कि पूरी कहानी जानकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। आरोपी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका के सात साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया। उसने बच्चे का गला रेता, इतने से मन नहीं भरा तो उसके हाथ की नसें और पंजा काट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त औजार कुल्हाड़ी, दबिया, खुरपी बरामद कर लिया है। मासूम उसके घर टीवी देखने जाता था। घटना करजा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस की गहन पूछताछ में आरोपित सिकिंद्र चौधरी ने जुर्म कबूल कर लिया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है।
पुलिस के मुताबिक मासूम की मां के साथ आरोपित का प्रेम-प्रसंग है। इस बीच महिला किसी दूसरे युवक से बातचीत करने लगी, जो सिकिंद्र को नागवार गुजरा। आरोपित ने महिला को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इसे लेकर महिला के पति से सिकिंद्र का विवाद भी हुआ था। 27 फरवरी को मासूम अन्य बच्चों के साथ खेलने गया था, जहां से आरोपित ने अगवा कर लिया। इसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को चौर में मिट्टी के अंदर दबा दिया। मासूम की मां ने करजा थाना में पुत्र के लापता होने का मामला दर्ज कराया था।
आरोपी ने कबूल किया जूर्म
इस मामले में करजा थानेदार रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि आरोपित सिकिंद्र चौधरी का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक उसने हत्या की बात स्वीकार कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ सरैया गरिमा ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने कई तथ्यों को उजागर किया है। उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
ऐसे मिली थी लाश
गौरतलब है कि रविवार की सुबह चौर में तोरी की फसल काटने गए लोगों ने गड्ढे के ऊपर कपड़ा देखकर शोर मचाया। लोगों ने जब मिट्टी हटाई तो अंदर से बच्चे का शव दिखा। अनुमान लगाया जा रहा है कि मिट्टी में दबे शव को कुत्ते ने नोचने की कोशिश की होगी, जिससे कपड़ा बाहर निकल गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी खोदकर मासूम के शव को बरामद किया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।




साइन इन