बिहार के चंपारण में पेड़ से लटकी मिली कपल की लाश, युवक के परिजन बोले- हत्या है
इधर इस घटना के बाद युवक के परिजनों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों ने कुछ देर तक एनएच 727 को भी जाम रखा। बाद में स्थानीय पुलिस के पहुंचने के बाद परिजन शांत हुए एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया।

बगहा नगर के वार्ड संख्या 34 और 35 के सीमा पर स्थित एक बगीचे में बुधवार की सुबह एक प्रेमी युगल का शव आम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब लोग बगीचे की ओर गए तो उन्होंने एक ही पेड़ से युवक और युवती के शव को लटका हुआ देखा। इसके बाद तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान वार्ड 33 निवासी असगर अली के 19 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तफा और वार्ड 35 के खैरकुत्ती निवासी गुलाब अंसारी की पुत्री सहाबुन नेशा के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है। दोनों के शव एक ही पेड़ से लटके पाए जाने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। युवक के परिजन लड़की के परिजनों पर दोनों की हत्या कर शौक को पेड़ से लटकाने का आरोप लगा रहे हैं।
हालांकि, अभी संबंध में किसी भी पक्ष के द्वारा पुलिस को कोई आवेदन नहीं दिया गया है। नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस के द्वारा अभी एफआईआर दर्ज नहीं किया गया है। बावजूद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इधर इस घटना के बाद युवक के परिजनों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों ने कुछ देर तक एनएच 727 को भी जाम रखा। बाद में स्थानीय पुलिस के पहुंचने के बाद परिजन शांत हुए एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया।




साइन इन