बिहार के सभी 38 जिलों में बनेंगे एयरपोर्ट? मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अफसरों से मांगा प्लान
बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से राज्य के सभी 38 जिलों से एयरपोर्ट विकसित करने को लेकर प्लान मांगा है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास होटल, कमर्शिलय कॉम्पलेक्स आदि बनाने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शहरों के विस्तारीकरण की दीर्घकालीन योजना पर काम तेज करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सिविल विमानन विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्र के विकास के लिए तेजी से काम करना होगा। साफ-सफाई, यातायात, शहरों के विस्तार को लेकर जो अर्बन नक्शा बनाएं. उसको डिजिटलाइज कर लोगों को जानकारी में दें। साथ ही सभी जिलों में हवाई अड्डों के विकास को लेकर एक प्लान तैयार करें।
सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सिविल विमानन विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा की। उच्च अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने शहरों के विस्तारीकरण की दीर्घकालीन योजना पर काम तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरों में साफ-सफाई, यातायात सुविधा और नगरीय क्षेत्र के विस्तार को लेकर जो नक्शा बनता है, उसे डिजिटलाइज कर सार्वजनिक किया जाए।
बिहार में विकसित होगी एरोसिटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एरोसिटी के विकास की दिशा में भी ठोस पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत राज्य के प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास कमर्शियल कॉम्पलेक्स, होटल, लॉजिस्टिक पार्क और पर्यटन आधारित संरचनाएं विकसित करने की योजना है। साथ ही, राज्य के छोटे एवं क्षेत्रीय हवाई अड्डों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्कता प्राप्त होगी।
सीएम ने अधिकारियों से कहा कि जिला स्तर पर सांस्कृतिक धरोहरों की पहचान करें और इसके संबंध में पर्यटकों तक सहज और सरल ढंग से जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था सुदृढ़ करें। बिहार में बहुत कार्य किए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उसकी ब्रांडिंग अच्छे ढंग से होनी चाहिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया और कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) का प्रयोग रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए अच्छे ढंग से करें।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
तीनों विभाग के प्रधान सचिव ने सीएम को दिया अपडेट
समीक्षा के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने 11 सैटेलाइट, ग्रीनफील्ड टाउनशिप के विकास के रोडमैप की जानकारी दी। सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि पटना एवं गयाजी से विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के लिए कार्यवाही की जा रही है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सकारात्मक बदलाव के संबंध में प्रचार के विभिन्न माध्यमों द्वारा लोगों को बेहतर ढंग से जागरुक किया जा रहा है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो की रिपोर्ट)




साइन इन