Airlines not want to start flight from this Bihar district government refuses to build airport बिहार के इस जिले में फ्लाइट नहीं उड़ाना चाहतीं कंपनियां, एयरपोर्ट बनाने से सरकार का इनकार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार के इस जिले में फ्लाइट नहीं उड़ाना चाहतीं कंपनियां, एयरपोर्ट बनाने से सरकार का इनकार

बिहार में राज्य सरकार के सहयोग से केंद्र कई शहरों में नए हवाई अड्डे विकसित करने की योजना बना रहा है। हालांकि, जमुई जिले में विमान सेवा नहीं शुरू हो पाएगी। केंद्र सरकार ने यहां एयरपोर्ट बनाने से इनकार कर दिया है। 

Thu, 4 Dec 2025 06:52 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
बिहार के इस जिले में फ्लाइट नहीं उड़ाना चाहतीं कंपनियां, एयरपोर्ट बनाने से सरकार का इनकार

बिहार में हवाई सेवा का विस्तार करते हुए कई शहरों में एयरपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। इस बीच, नक्सल प्रभावित रहे जमुई जिले के लोगों की हवाई यात्रा के सपनों को झटका लगा है। दरअसल, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने जमुई में एयरपोर्ट चालू करने से इनकार कर दिया है। सरकार का कहना है कि इस जिले में विमानन कंपनियां फ्लाइट शुरू करने की इच्छुक नहीं हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जमुई से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती के एक सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारप्पू राममोहन नायडू ने लोकसभा में बुधवार को लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी निजी विमानन कंपनी ने जमुई जिले में हवाई सेवा शुरू करने के लिए उड़ान योजना के तहत मांग आधारित प्रस्ताव (डिमांड असेस्ड प्रपोजल) जमा नहीं किया है।

उन्होंने कहा, "बिहार सरकार ने उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना में शामिल करने के लिए जमुई जिले में किसी भी हवाई पट्टी होने के संकेत नहीं दिए हैं। जमुई में कोई भी हवाई पट्टी फिलहाल सक्रिय रूप से मौजूद नहीं है और उड़ान योजना की संभावित सूची में शामिल नहीं की गई है।"

बता दें कि जमुई में एक पुराना हवाई अड्डा मौजूद है, लेकिन वह दशकों से निष्क्रिय है और अतिक्रमण की भेंट चढ़ा हुआ है। जिला प्रशासन ने पिछले साल हवाई अड्डा परिसर से अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू की थी। जिससे स्थानीय लोगों में जमुई से फ्लाइट शुरू होने की उम्मीद जगी थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर से हावड़ा के लिए वंदे भारत चलाने की मांग तेज, संसद में गूंजा मुद्दा

बता दें कि बिहार में आगामी कुछ वर्षों में 15 एयरपोर्ट चालू करने की योजना है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से इनपर काम किया जा रहा है। पटना, गयाजी और दरभंगा के बाद इसी साल पूर्णिया में एयरपोर्ट चालू किया गया। बिहटा एयरपोर्ट का काम चल रहा है। इसके अलावा, सुल्तानगंज, मुजफ्फरपुर, रक्सौल, वीरपुर समेत अन्य शहरों में भी छोटे-बड़े हवाई अड्डे विकसित करने की योजनाओं पर काम शुरू हो गया है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।