विजयादशमी पर सीएम नीतीश ने बिहार वासियों को दी बधाई, लालू ने भी दशहरा पर किया ट्वीट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विजयादशमी के मौके पर बिहार वासियों को शांति और समृद्धि की बधाई दी है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी है।

पूरा देश आज विजयादशमी का त्योहार मना रहा है। बुराई पर अच्छाई की जीत की प्रतीक दशहरा पर आज बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों में रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकर्म का पुतला दहन किया जाएगाा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर बिहार वासियों को शांति और समृद्धि की बधाई दी है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी है। राज्य में इसी साल विधानसभा के चुनाव हैं। इसे देखते हुए सभी राजनैतिक दलों के नेता एक्टिव हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतनराम मांझी समेत कई नेता सोशल मीडया पर एक्टिव हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है- विजयादशमी के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इसे विजय पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह हमारे जीवन में संयम एवं आत्मिक बल का संचरण करने वाला पर्व है। इस पर्व को सद्भाव, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाएं। लालु प्रसाद यादव ने ट्वीट किया है- असत्य पर सत्य की विजय के उत्सव विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं।
इससे पहले नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव मां दुर्गा के दर्शन और पूजन के लिए विभिन्न पूजा पंडालों में भी पहुंचे। नीतीश कुमार गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी समेत डाकबंगला रोड, नाला रोड, लंगरटोली, बांसघाट स्थित मंदिरों और पूजा पंडालों में भी पहुंचे और राज्य की जनता सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने पुलिस और प्रशासन के पदाधिकारियों को नागरिक सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्य वासियों को करोड़ों की योजनाओं की सौगात भी दी।
इधर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतनराम मांझी समेत बिहार से जुड़े नेताओं ने भी राज्य वासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। चिराग पासवान ने एक्स हैंडल पर लिखा कि असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय की हार्दिक शुभकामनाएं।




साइन इन