Chief Minister Samrat Chaudhary in full swing tells officials I want results step up work pace मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फुल ऐक्शन में, अधिकारियों से बोले- रिजल्ट चाहिए, काम की स्पीड बढ़ाओ, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फुल ऐक्शन में, अधिकारियों से बोले- रिजल्ट चाहिए, काम की स्पीड बढ़ाओ

सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को पूरा करने की गति को बढ़ाएं। थानों में जनता की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो। परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।

Thu, 16 April 2026 11:22 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फुल ऐक्शन में, अधिकारियों से बोले- रिजल्ट चाहिए, काम की स्पीड बढ़ाओ

बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पदभार ग्रहण करने के बाद से फुल ऐक्शन में नजर आ रहे हैं। सीएम की शपथ लेने के बाद दूसरे दिन भी उन्होंने वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें सख्त निर्देश दिए। सीएम सम्राट ने कहा कि उन्हें रिजल्ट चाहिए, अधिकारी काम की स्पीड बढ़ाएं। उन्होंने योजनाओं को लागू करने की मौजूदा गति को और तेज करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा है कि राज्य की जनता निश्चिंत रहे, हर हाल में यह सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने इसको लेकर वरीय अधिकारियों को कई टास्क भी सौंपे हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय में सीएम सम्राट ने गुरुवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के समक्ष यह स्पष्ट कर दिया है कि योजनाओं के कार्यान्वयन की मौजूदा गति को और तेज करें। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो। किसी स्तर पर जनता को परेशानी न हो। थानों में जनता की बातें सुनी जाए और तत्काल कार्रवाई हो।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तीनों करोड़पति हैं पर इनमें गरीब कौन; सम्राट, विजय और बिजेंद्र की संपत्ति कितनी?

सम्राट चौधरी ने अपने चैंबर में अधिकारियों के साथ मुलाकात के दौरान वहां की कार्य पद्धति के संबंध में विभिन्न बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सचिवालय के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार और कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्यपदाधिकारी गोपाल सिंह, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह उपस्थित रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फौजी इंजीनियर के बेटे ने नापा सत्ता शिखर; शकुनी ना खेल सके, वो गोल दाग गए सम्राट

विधायक और एमएलसी से सीएम की मुलाकात

इसके पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना के पांच, देशरत्न मार्ग स्थित अपने आवास पर में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की। सम्राट के मुख्यमंत्री बनने पर विधायक, एमएलसी और अन्य जनप्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने सीएम को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र तथा स्मृति चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की बधाई और शुभकामनाएं स्वीकार करते हुए उनका आभार जताया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार की समृद्धिधि के लिए सम्राट चौधरी ने पटना साहिब में मत्था टेका

सीएम बोले- महिला आरक्षण के साथ खड़ा है बिहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार लोकसभा एवं विधानसभाओं में इस देश की सभी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने जा रही है। पूरा बिहार उनके इस फैसले के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री देश की सभी बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें मजबूती देने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने गुरुवार को कदमकुआं स्थित जेपी के आवास महिला चरखा समिति परिसर में स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. प्रभावती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला चरखा समिति का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जयप्रकाश अध्ययन एवं शोध केंद्र, प्रभावती स्मृति कक्ष, शयन कक्ष, सम्पूर्ण क्रांति सभागार आदि का जायजा लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शपथ लेते एक्शन मोड में बिहार सीएम सम्राट, प्रधान सचिवों यह टास्क दिया
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।