अमनौर में अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशानी, उपभोक्ताओं में बढ़ा आक्रोश
अमनौर प्रखंड में भीषण गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति में अनियमितता से लोग परेशान हैं। सांसद के निर्देशों के बावजूद, 8-10 घंटे ही बिजली मिल रही है। शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि सुधार नहीं होने पर वे सामूहिक रूप से बिजली कनेक्शन कटवाने को मजबूर होंगे।

भीषण गर्मी में 8-10 घंटे भी नहीं मिल रही बिजली, सांसद के निर्देशों की अनदेखी का आरोप अमनौर, एक संवाददाता। अमनौर प्रखंड में इन दिनों अनियमित विद्युत आपूर्ति से उपभोक्ता बुरी तरह परेशान हैं। एक ओर भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर लगातार बिजली की आंख-मिचौली ने स्थिति और गंभीर बना दी है। सबसे खराब स्थिति अमनौर और भेल्दी फीडर की बताई जा रही है, जहां पिछले करीब तीन सप्ताह से दिनभर बिजली गायब रहना आम बात हो गई है। वहीं रात में भी बार-बार बिजली कटने से लोगों की नींद और दिनचर्या दोनों प्रभावित हो रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि हल्की हवा या मामूली तकनीकी कारणों से भी घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। बिजली बिल नियमित रूप से भुगतान करने के बावजूद लोगों को दीया और लालटेन के सहारे रात गुजारनी पड़ रही है। इसका सीधा असर व्यवसाय, घरेलू कामकाज और छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं में इस समस्या को लेकर भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। यहां तक कि सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के टोल-फ्री नंबर पर भी कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उपभोक्ताओं का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र में 22 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। वर्तमान में मुश्किल से 8-10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से बिजली कनेक्शन विच्छेद कर विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। इस संबंध में विद्युत कम्पनी के जेई ने बताया कि तकनीकी कारणों, ब्रेकडाउन और लोड शेडिंग के चलते आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही खराबियों को दूर कर व्यवस्था सामान्य की जाएगी और अमनौर व भेल्दी सहित सभी फीडरों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल उपभोक्ताओं को सुधार का इंतजार है, जबकि गर्मी के इस दौर में समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। चतरा फीडर में ट्रिपिंग की समस्या से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी जलालपुर, एक प्रतिनिधि। प्रखंड के चतरा स्थित पावरग्रिड में ट्रिपिंग की समस्या से बिजली उपभोक्ता परेशान हैं। इससे क्षेत्र के हजारों लोग भीषण गर्मी में परेशान हैं। मालूम हो कि 33 केवीए में बार बार आ रहे फाल्ट के कारण दो -दो तीन तीन घंटे तक लगातार बिजली सप्लाई बाधित रहती है। फाल्ट ठीक भी होता है तो रोटेशन पर बिजली चलाई जाती है जिसके कारण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बिजली रहती है तो कुछ हिस्से में गायब रहती है। क्षेत्र के लोग भीषण गर्मी से पावर कट की समस्या से जूझ रहे हैं। इसका असर आम लोगों से लेकर बिजनेस व्यवसाय करने वाले वाले तथा छोटे दुकानदार तक परेशान है। भीषण गर्मी में मढ़ौरा की बिजली व्यवस्था चरमराई मढ़ौरा। एक संवाददाता नगर पंचायत मढ़ौरा में इन दिनों बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय निवासी रोहित भारद्वाज उर्फ बिल्लू सिंह ने कहा है कि भीषण गर्मी के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के प्रतिदिन कई घंटे तक बिजली बाधित की जा रही है। शिकायत के अनुसार, स्मार्ट प्रीपेड मीटर में पर्याप्त राशि रहने के बावजूद उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। इसका सबसे अधिक असर स्थानीय व्यवसायों पर पड़ा है। रेस्टोरेंट, केक कॉर्नर, आइसक्रीम पार्लर, दूध-दही की दुकानों सहित कई प्रतिष्ठानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं कपड़ा दुकानों, जिम सेंटर और अन्य व्यवसाय भी प्रभावित हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन