चंदन मिश्रा मर्डर: शूटरों की तलाश में वैशाली से मुजफ्फरपुर तक रेड, STF की ताबड़तोड़ छापेमारी
पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड के शूटरों की तलाश में एसटीएफ ने गुरूवार देर रात वैशाली से मुजफ्फरपुर तक छापेमारी की। पुलिस के एक शूटर के छिपे होने के इनपुट मिले थे। हालांकि एसटीएफ को खाली हाथ लौटना पड़ा। अभी तक इस हत्याकांड में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड मामले में फरार शूटरों की तलाश में मुजफ्फरपुर और वैशाली में भी छापेमारी की गई है। इस दौरान दोनों जिलों के करीब आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर एसटीएफ ने गुरुवार की देर रात से लेकर सुबह तक छापेमारी की। हालांकि टीम को वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आधा दर्जन शूटरों में से एक शूटर का वैशाली के बाद मुजफ्फरपुर में छुपे होने का एसटीएफ को इनपुट मिला था। जिसके बाद एसटीएफ ने उससे जुड़े संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी कर यह कारवाई की। हालांकि टीम को वहां से कोई ठोस सुराग हाथ नही लगा।
फिलहाल हत्या कांड को अंजाम देने के बाद वहां से फरार पांच शूटरों और एक लाइनर के अलावे उन शूटरों को पनाह देने वाले संदिग्धों के संबंध में एसटीएफ और संबंधित जिलों की पुलिस जानकारी जुटा रही है। आपको बता दें पटना के पारस अस्पताल में गुरुवार की सुबह करीब 07:25 बजे बक्सर के कुख्यात चंदन मिश्रा की गोलियों से भून कर हत्या कर दी गई थी। दो बाइक से आये पांच बेखौफ शूटरों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। घटना के बाद बाइक पर जश्न मनाते हुए सभी शूटर भाग निकले थे। फिलहाल घटना को अंजाम देने वाले पांच शूटर और एक लाइनर समेत गिरोह की पहचान कर एसटीएफ आगे की कारवाई में जुटी है।
अस्पताल के कॉरिडोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में अपराधियों की तस्वीर कैद भी हो गई थी। अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी में छठा अपराधी भी दिखा है। इनमें से एक की पहचान फुलवारीशरीफ के तौसिफ उर्फ बादशाह के तौर पर हुई है जो घटना के वक्त बगैर टोपी के सबसे आगे था। उसकी तलाश में फुलवारीशरीफ में दबिश भी दी गई। दरअसल, चंदन बवासीर का इलाज कराने 15 जुलाई को अस्पताल में भर्ती हुआ था। 16 जुलाई को छुट्टी होने वाली थी, लेकिन उसने 17 जुलाई को डिस्चार्ज का अनुरोध किया था। गुरुवार की सुबह चंदन निजी वार्ड में था। उसके दो दोस्त भी मौजूद थे। तभी हथियारबंद पांच अपराधी वार्ड में घुसे और गोलियां बरसानी शुरू कर दी थी।




साइन इन