पटना: नीट छात्रा मौत मामले की जांच में चूक तो नहीं हुई, CBI ने SIT के अफसरों से बंद कमरे में पूछे सवाल
सीबीआई ने जिन पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की, वे छात्रा की मौत के बाद शुरुआती जांच कर रही एसआईटी के हिस्सा थे। सूत्रों के मुताबिक इनके बयान अलग-अलग दर्ज किए गए, ताकि तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि हो सके। साथ ही इनके बयानों का मिलान भी कराया जा सके।

जहानाबाद के नीट छात्रा की पटना के गर्ल्स हॉस्टल में हुई संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने मंगलवार को पटना पुलिस की एसआईटी से पूछताछ की। सीबीआई ने एसआईटी में शामिल रही सचिवालय एसडीपीओ वन डॉ. अनु कुमारी, कदमकुआं और रामकृष्ण नगर थाना के थानाध्यक्षों को तलब कर विस्तृत पूछताछ की। सभी अधिकारियों से अलग-अलग बंद कमरों में पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किये गये। बयान से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गये।
सीबीआई ने जिन पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की, वे छात्रा की मौत के बाद शुरुआती जांच कर रही एसआईटी के हिस्सा थे। सूत्रों के मुताबिक इनके बयान अलग-अलग दर्ज किए गए, ताकि तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि हो सके। साथ ही इनके बयानों का मिलान भी कराया जा सके। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय जांच एजेंसी शुरुआती जांच की प्रक्रिया, घटनास्थल की स्थिति, साक्ष्यों के संकलन और पुलिस की कार्रवाई के हर चरण की बारीकी से पड़ताल कर रही है। इसके लिए जांच अधिकारियों से पूछताछ हुई।
जांच एजेंसी यह समझने का प्रयास कर रही है कि केस के प्रारंभिक चरण में क्या-क्या कदम उठाये गए और किन आधारों पर निष्कर्ष निकाले गये थे। जांच के क्रम में कहीं चूक तो नहीं हुई है। बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की कथित यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो जांच कर रही है। परिजनों ने शुरुआत से ही छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
मामले की जांच के लिये पहले विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया और केंद्रीय रेंज के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र सिंह राणा को इसकी निगरानी सौंपी गई। साथ ही राज्य के अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को भी जिला पुलिस की सहायता के लिये लगाया गया। बाद में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीआईडी ने औपचारिक रूप से जांच अपने हाथ में ले ली थी।
उल्लेखनीय है कि जहानाबाद जिले की रहने वाली नीट अभ्यर्थी छह जनवरी को राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में अचेत अवस्था में मिली थी। वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिये पटना में रहकर कोचिंग कर रही थी। गंभीर हालत में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई।




साइन इन