वोटिंग लिस्ट में अपना नाम भी नहीं पढ़ पा रहे; तेजस्वी के दावे पर सम्राट चौधरी का तंज
वोटर लिस्ट से अपना नाम कटने का दावा करने वाले तेजस्वी यादव पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने तंज कसा है। उन्होने कहा कि जब तेजस्वी मतदाता सूची में अपना नाम पढ़कर नहीं खोज सकते, तब उनकी योग्यता पर मुझे ही नहीं पूरे बिहार को संदेह होना स्वाभाविक है।

वोटर लिस्ट से अपना नाम कटने का दावा करने वाले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तंज कसा है। उन्होने कहा कि जब तेजस्वी मतदाता सूची में अपना नाम पढ़कर नहीं खोज सकते, तब उनकी योग्यता पर मुझे ही नहीं, उनके परिवार और पूरे बिहार को भी संदेह होना स्वाभाविक है। डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बाद जारी मतदाता सूची के प्रारूप को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जारी मतदाता सूची के ड्राफ्ट में तेजस्वी यादव का फोटो के साथ क्रमांक संख्या 416 पर नाम दर्ज है, जबकि वे दावा कर रहे हैं कि उनका नाम काट दिया गया है।
चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव का नाम काटने संबंधी दावा पूरी तरह भ्रामक, तथ्यहीन और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को बदनाम करने वाला है। राज्य सरकार निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर पूर्ण विश्वास रखती है। हम सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करते हैं कि वे जनता के बीच तथ्य आधारित संवाद करें और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करें।
आपको बता दें तेजस्वी ने वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं होने का दावा किया था। आयोग के एप्लीकेशन पर तेजस्वी ने अपना ईपिक नंबर डाला। पत्रकारों के सामने ईपिक नंबर डालने पर रिकॉर्ड नॉट फाउंड लिखा आया। तेजस्वी ने कहा कि जब मेरा नाम कट सकता है तो बिहार के लाखों गरीबों का नाम कटना तय है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग गोदी आयोग बन गया है।
जिसके बाद चुनाव आयोग ने सबूत के साथ तेजस्वी यादव का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में होने का प्रणाम दिया। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार स्पष्ट हुआ है कि नेता प्रतिपक्ष का नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज है। वर्तमान में उनका नाम मतदान केन्द्र संख्या 204, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन, क्रम संख्या 416 पर अंकित है।




साइन इन