Tejashwi Yadav claim of his name being deleted from voter list Election Commission says its wrong तेजस्वी यादव का वोटर लिस्ट से नाम कट जाने का दावा, चुनाव आयोग ने बताया गलत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

तेजस्वी यादव का वोटर लिस्ट से नाम कट जाने का दावा, चुनाव आयोग ने बताया गलत

वोटर लिस्ट से नाम कट जाने के तेजस्वी यादव के दावे को चुनाव आयोग ने झूठा करार दिया है। आयोग ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में क्रमांक 416 पर उनका नाम है। ऐसे में उनका दावा झूठा और तथ्यात्मक रूप से गलत है, साथ इसे शरारतपूर्ण बताया है।

Sat, 2 Aug 2025 02:30 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
तेजस्वी यादव का वोटर लिस्ट से नाम कट जाने का दावा, चुनाव आयोग ने बताया गलत

बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के मतदाता सूची से नाम कट जाने के दावे को चुनाव आयोग ने झूठा करार दिया है। आयोग ने तेजस्वी को रिप्लाई करते हुए वोटर लिस्ट में नाम दिखाया है। भारत निर्वाचन आयोग ने कहा कि एसआईआर के बाद जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 416 नंबर पर तेजस्वी का नाम है। इसलिए, यह दावा कि उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, झूठा और तथ्यात्मक रूप से गलत है, और ये दावा शरारतपूर्ण है।

पटना जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक वर्तमान में तेजस्वी का नाम मतदान केन्द्र संख्या 204, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन, क्रम संख्या 416 पर अंकित है। पूर्व में उनका नाम बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का पुस्तकालय भवन, मतदान केन्द्र संख्या 171, क्रम संख्या 481 पर दर्ज था।

आपको बता दें शनिवार को तेजस्वी ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद दावा किया था, कि उनका नाम वोटर लिस्ट से कट गया है। तेजस्वी ने कहा कि जब मेरा नाम कट सकता है तो बिहार के लाखों गरीबों का नाम कटना तय है।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग गोदी आयोग बन गया है। समय आने पर सबका हिसाब होगा। आयोग यह न सोचे कि उसे दो गुजरातियों का बैकअप हासिल है। सुप्रीम कोर्ट से आग्रह है कि वह स्वतः संज्ञान ले कि किस विधानसभा के किस बूथ पर किन-किन लोगों का नाम काटा गया है इसकी सूची जारी की जाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वोटर लिस्ट ड्राफ्ट में मेरा नाम नहीं, चुनाव कैसे लड़ूंगा; SIR पर तेजस्वी का दावा
ये भी पढ़ें:राघोपुर विधानसभा: 6 लेन पुल के जरिए NDA की तेजस्वी के गढ़ में सेंधमारी की तैयारी
ये भी पढ़ें:तेजस्वी यादव का दावा- धोखे में हैं सम्राट और सिन्हा, बीजेपी पांडेय को CM बनाएगी

वहीं इस मामले पर बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी तेजस्वी के वोटर लिस्ट से नाम कटने के दावे को पूरी तरह गलत करार दिया। उन्होने ट्वीट करते हुए लिखा कि तेजस्वी यादव का यह दावा कि एसआईआर के बाद उनका नाम मतदाता सूची से गायब है, पूरी तरह गलत है। उनका नाम क्रमांक 416 पर दर्ज है। कृपया तथ्य जांचें, फिर जानकारी साझा करें। जानबूझकर मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिशों को बेनकाब करना जरूरी है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।