दूल्हे के अरमां आसुओं में बह गए, शादी के दूसरे दिन कॉलेज गई दुल्हन प्रेमी संग फरार; कैश, जेवर भी ले गई
भानु शर्मा की शादी 20 फरवरी को संग्रामपुर थाना के इंद्रगाछी के बच्चा शर्मा की पुत्री लक्की से हुई।

बिहार के पूर्वी चंपारण में शादी के अगले दिन ही एक दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गयी। घटना तुरकौलिया पूर्वी पंचायत के मांझार गांव की है। दुल्हन अपने साथ लाखो रूपये के जेवरात व नकद लेकर भागी है। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया है। वर और वधू पक्ष के लोग घटना से काफी आहत हैं। दोनों परिवार मिलकर दुल्हन की तलाश में जुट गए हैं। इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है।
मिली जानकारी के अनुसार मांझार गांव के भानु शर्मा की शादी 20 फरवरी को संग्रामपुर थाना के इंद्रगाछी के बच्चा शर्मा की पुत्री लक्की से हुई। शादी में दोनों पक्षों ने अपनी क्षमता के अनुरूप दिल खोलकर खर्च किया। 21 फरवरी को लक्की की विदाई कराकर धूमधाम से भानु अपने घर लाया। रात को लड़की अपने ससुराल में रही और 22 फरवरी को कॉलेज ले जाने के लिए अपने पति से आग्रह किया। लक्की ने अपने पति से कहा कि एग्जाम से संबंधित कुछ कागजात कॉलेज में वेरिफाई कराना अनिवार्य है।
22 फरवरी को भानु शर्मा अपनी नई नवेली दुल्हन को शहर के एलएनडी कॉलेज ले गया जहां की वह छात्रा है। लेकिन पहले से लक्की ने अपने प्रेमी को बुला लिया था। कॉलेज के गेट पर पति भानु को छोड़कर वह अंदर गयी। पति को धोखा देकर लक्की कॉलेज के पीछे के रास्ते अपने प्रेमी सुजीत के साथ फरार हो गयी।
देर तक कॉलेज के गेट पर पति अपनी दुल्हन के आने का इंतजार करता रहा। लेकिन वह वापस नहीं आई। कॉलेज के अंदर गया। अंदर कोई नहीं था। थक हार कर घर आकर अपने परिजनों को जानकरी दी। खोजबीन के बाद परिजनो ने बुधवार को थाना में आवेदन दिए है। वर पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि दु्ल्हन अपने जेवर पहनकर निकली और घर में रखे करीब एक लाख रुपये नकद और कीमती गहने भी समेट कर भागी है।
इस घटना के बाद से दूल्हा और उसका परिवार सदमे में है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुल्हन की मां आंगनबाड़ी सेविका हैं और दुल्हन शादी से पहले पड़ोसी गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। दूल्हा ड्राइवर का काम करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। लोक लाज से दूल्हा घर से बाहर नहीं निकल पा रहा है। कई लोग उसका मजाक भी उड़ा रहे हैं।




साइन इन