अश्लील वीडियो बना सेक्स के लिए दे रहा था प्रेशर, बदनामी के डर से लड़की ने लगा ली फांसी
पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

बिहार के किशनगंज में एक युवती ने बदनामी के डर से मौत को गले लगा लिया था। जिले के कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा गांव में 19 वर्षीय युवती ज्योति की आत्महत्या मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका के पिता ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकी से तंग आकर उनकी बेटी ने फांसी लगाकर अपनी जान दी क्योंकि आरोपी उसपर सेक्सुल रिलेशन बनाने के लिए दबाव बना रहा था।
मृतका के पिता द्वारा कोढ़ोबाड़ी थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, लोहागाड़ा पंचायत के वार्ड संख्या 4 निवासी 22 वर्षीय शाहजान आलम (पिता- नासिर आलम) ने उनकी पुत्री का कथित रूप से अश्लील वीडियो बना लिया था। आरोप लगाया गया है कि युवक उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवती पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। युवती जब इसका विरोध करती थी तो आरोपी उसे वीडियो वायरल कर बदनाम कर देने की धमकी देता था। लड़की इस वहज से मानसिक तौर पर काफी परेशान थी।
इस मामले में युवती के पिता का कहना है कि जब उनकी बेटी ने इसका विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो मुख्य आरोपी शाहजान आलम ने अपने पिता नाजिर आलम और परिवार के अन्य दो सदस्यों के साथ मिलकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक बदनामी के भय से युवती मानसिक रूप से काफी परेशान थी। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना और दबाव के कारण युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बेटी की मौत से पिता भी सदमे में आ गया। घटना को लेकर कुछ बताने से पिता डर जाता था।
पिता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।




साइन इन