पटना सिविल कोर्ट को एक महीने में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी, बेगूसराय में भी आया ईमेल
धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में सायनाइड गैस से भरे 14 बम रखे गए हैं, जो सोमवार दोपहर 1 बजे से पहले कभी भी फट सकते हैं। मेल में लोगों को तुरंत परिसर खाली करने की चेतावनी भी दी गई है।

पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की फिर धमकी मिली है। बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर की तलाशी चल रही है लेकिन कामकाज पर असर नहीं पड़ा है।कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वालों की जांच हो रही है। कोर्ट परिसर के अंदर मास्क पहन कर जाने वालों पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि एक महीने के अंदर यह तीसरी घटना है जब ईमेल के जरिए कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई है।
पटना के अलावा बेगूसराय कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है।ईमेल के माध्यम से सोमवार को सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन व सुरक्षा से जुड़ी एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सोमवार देर रात 12:42 बजे एक ई-मेल के जरिए जिला न्यायालय को धमकी भेजी गई। जिसमें कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में बम लगाए जाने का दावा किया गया। बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिलने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन जांच शुरू कर दी। ईमेल के द्वारा 14 बम लगाए जाने का दावा किया गया है।
धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर और जज के चैंबर में सायनाइड गैस से भरे 14 बम रखे गए हैं, जो सोमवार दोपहर 1 बजे से पहले कभी भी फट सकते हैं। मेल में लोगों को तुरंत परिसर खाली करने की चेतावनी भी दी गई है। ईमेल की शुरुआत Justice For Nanguneri से की गई है। इसमें कोर्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। इधर जिले के एसपी मनीष ने कोर्ट पहुंच कर मामले की जांच की है। साथ ही उन्होंने कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्य वस्था का जायजा भी लिया है।
बता दें कि इससे पहले फरवरी के महीने में भी पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी। उस वक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय में एक ईमेल मिला था जिसमें पटना सिविल कोर्ट परिसर में आरडीएक्स बम प्लांट किए जाने की बात कही गई थी।
इससे पूर्व 25 अप्रैल 2025 और 29 अगस्त 2025 तथा 16 अक्टूबर 2025 एवं 08 जनवरी 2026 और 09 फरवरी 2026 के अलावा 11फरवरी 2026 को भी पटना सिविल कोर्ट में बम ब्लास्ट किए जाने का इमेल प्राप्त हुआ था।




साइन इन