Bihar Weather: घर से छाता लेकर निकलें, बिहार में आज से आंधी-बारिश का दौर; आसमान में बादलों का डेरा
Bihar Weather: मंगलवार को दक्षिण पूर्व भाग के पांच व उत्तर पूर्व भाग के सात जिलों और बुधवार को उत्तर बिहार के 14 जिलों में आंधी-बारिश के आसार हैं। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।

Bihar Weather: बिहार में अब मौसम आपको चौकाएगा। मार्च के महीने में पड़ रही ठीक-ठाक गर्मी के बीच अब आंधी-पानी का दौर होगा। जाहिर है अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो छाता भी साथ रखें। सबसे पहले बात राजधनी पटना की। पटना जिले के एक-दो स्थानों पर सोमवार को ठनका के साथ आंधी और बारिश के आसार हैं। जिले में तीन दिनों तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। 32 जिलों में एक-दो स्थानों पर ठनका गिरने के साथ ही आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्व भाग के सात जिलों में आंधी-बारिश की प्रबल संभावना है।
मंगलवार को दक्षिण पूर्व भाग के पांच व उत्तर पूर्व भाग के सात जिलों और बुधवार को उत्तर बिहार के 14 जिलों में आंधी-बारिश के आसार हैं। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। राज्य का अधिकतम तापमान 28.1 से 34.8 और न्यूनतम तापमान 17.5 से 23.4 डिग्री के बीच रहा। सबसे अधिक तापमान 34.8 डिग्री कैमूर और सबसे कम तापमान 17.5 डिग्री अगवानपुर में दर्ज किया गया।
पूर्णिया में कैसा है मौसम
रविवार को पूर्णिया जिले में मौसम शुष्क बना रहा। दोपहर में गर्मी का असर महसूस किया गया, जिससे लोगों ने राहत के लिए पंखे का सहारा लिया। घरों और दफ्तरों में अधिकांश लोग पंखे की हवा के बीच समय बिताते नजर आए। हालांकि दिन भर हल्के बादलों की आवाजाही के कारण धूप-छांव का माहौल बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं 9 और 10 मार्च को तेज हवा चलने के साथ कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
गयाजी में मौसम का मिजाज तल्ख
गयाजी जिले में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे तल्ख होता जा रहा है। सुबह से धूप निकल रही और दोपहर में अभी से गर्मी का अहसास होने लगा है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। रविवार को गर्मी का अधिक अहसास होता रहा। रविवार को अधिकतम तापमान सबसे अधिक 33.5 रहा। न्यनूतम तापमान भी 19.4 पर पहुंच गया है। शनिवार को अधिकतम 32.6 डिग्री रहा था। शनिवार को न्यूनतम 18.8 और शुक्रवार को अधिकतम 31.2 और न्यनूतम 17.3 डिग्री रहा था।
2024 और 2025 के पहले हफ्ते में अधिकतम 32 डिग्री के पार नहीं गया था: मार्च का पहला हफ्ता बीत गया। पिछले दो सालों में 2026 के मार्च का पहला हफ्ता अधिक गर्म रहा। 2025 के मार्च के पहले हफ्ते में अधिकतम तापमान 31 डिग्री से ऊपर नहीं गया। सबसे अधिक 1 मार्च 31.8 डिग्री रहा था। इसी तरह 2024 में सबसे अधिक 4 मार्च को 28.8 डिग्री ही रहा था। 2024 में 3 मार्च को इस साल से ज्यादा 33.7 डिग्री रहा था।




साइन इन