बिहार: राज्यसभा चुनाव को लेकर BJP का बड़ा दांव, विजय शर्मा और हर्ष मल्होत्रा पर्यवेक्षक
राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के लिए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को तथा केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इन नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है। इस बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के लिए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को तथा केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इन नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है। राज्यसभा का चुनाव 16 मार्च को होगा। बिहार की कुल 5 राज्यसभा सीटों को लेकर सभी पार्टियां तैयारी में जुटी हैं। अभी कुछ दिन पहले ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बीजेपी के शिवेश राम, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और राजद के अमरेंद्रधारी सिंह ने नामांकन किया था।
बिहार के लिए बिहार के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त करने के अलावा बीजेपी ने कुछ अन्य राज्यों के लिए भी पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। हरियाणा के लिए गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी को जिम्मेदारी मिली है। वहीं, ओडिशा में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को जिम्मेदारी मिली है।
राज्यसभा चुनाव में यह बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद अब दोनों ही पर्यवेक्षक बिहार की पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक गतिविधि और आपसी समन्वय को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे और साथ ही साथ इसकी निगरानी भी करेंगे। बीजेपी ने विजय शर्मा और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा के संगठनात्मक अनुभवों और राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए यह फैसला लिया है।
बिहार में पांच सीटों में से 2 भारतीय जनता पार्टी और 2 जनता दल यूनाइटेड के खाते में जाना तय माना जा रहा है। हालांकि पांचवी सीट पर पेच फंसा गया है। दरअसल राष्ट्रीय जनता दल ने भी अपना उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव में उतारा है। ऐसे में यहां चुनाव की स्थिति बन गई है।
जीत के लिए 41 मतों की जरुरत
महागठबंधन के पास वर्तमान में 35 विधायक हैं, जबकि जीत के लिए 41 मतों की आवश्यकता है। ऐसे में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायकों का समर्थन निर्णायक साबित हो सकता है।
बिहार से जिन पांच राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है, उनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, प्रेमचंद्र गुप्ता, अमरेंद्र धारी सिंह और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। इनमें हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर जनता दल (यूनाइटेड) के, प्रेमचंद्र गुप्ता और अमरेंद्र धारी सिंह राजद के तथा उपेंद्र कुशवाहा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के प्रतिनिधि हैं।




साइन इन