भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल आ रहे बिहार, राज्यसभा चुनाव के बीच उड़ेगी होली की गुलाल
नितिन नवीन मंगलवार को पटना पहुंचेंगे। बिहार में उनके स्वागत की तैयारी जोरों पर है। माना जा रहा है कि परिवार के साथ होली मनाएंगे। इसके अलावे अन्य होली मिलन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिनों के लिए बिहार दौरे पर आ रहे हैं। राज्यसभा चुनाव और होली के पर्व के बीच नितिन नवीन का बिहार दौरा बेहद खास माना जा रहा। फिलहाल नितिन नवीन दो दिनों तक होली के रंगों में रंग हुए दिखेंगे। पांच मार्च को दिल्ली लौट जाने का प्रोग्राम है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार होली में बिहार में रहेंगे। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नितिन नवीन कल मंगलवार को पटना पहुंचेंगे। बिहार में उनके स्वागत की तैयारी जोरों पर है। माना जा रहा है कि परिवार के साथ होली मनाएंगे। इसके अलावे अन्य होली मिलन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। नितिन नवीन पटना के बांकीपुर विधानसभा से बिहार विधानसभा के सदस्य हैं। नीतीश कुमार की सरकार में वे पथ निर्माण मंत्री थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाने के बाद मंत्रालय से त्यागपत्र दे दिया।
नितिन नवीन मूल रूप से बिहार के निवासी हैं। उनका जन्म 23 मई 1980 को हुआ था। उन्हें पार्टी ने जनवरी 2026 से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी। पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार (2006-2025) विधायक चुने गए। नितिन नवीन कई बार बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। वे सड़क निर्माण और शहरी विकास जैसे विभागों का कार्यभार संभाल चुके हैं।
अध्यक्ष बनने के बाद वे कई बार बिहार आ चुके हैं। लेकिन, इस पद पर रहते हुए पहली बार अपने घर में होली मनाएंगे। उनके पिता नवीन किशोर भी विधायक और मंत्री बने।नवीन किशोर के निधन के बाद उनकी विधानसभा सीट पर साल 2006 में नितिन नवीन को उतारा गया। तब से वह लगातार चुनाव जीत रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में वेस्ट बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाना और राज्य में भाजपा की सरकार बनवाना उनके लिए बड़ी चुनौती है। इसे लेकर उन्होंने काम शुरू कर दिया है।
पांच मार्च को राज्यसभा चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि है। वे उस दिन दिल्ली लौट जाएंगे। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है जिनमें बिहार की पांच सीटें शामिल हैं। बिहार से उपेंद्र कुशवाहा, मंत्री रामनाथ ठाकुर, एडी सिंह, प्रेमचंद्र गुप्ता और हरिवंश नारायण सिंह का कार्यकाल पूरा होने वाला है। सूत्रों से मिली खबरों के अनुसार जदयू ने रामनाथ ठाकुर का टिकट फाइनल कर दिया है। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा जोरों पर है।




साइन इन