हिम्मत है तो खुद लड़ें, प्रशांत किशोर को BJP का चैलेंज; राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर में डटे
बांकीपुर विधानसभा सीट राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई है जहां उनके पिता नवीन किशोर जीतते थे। बीजेपी ने प्रशांत किशोर को खुद यहां से लड़ने की चुनौती दी है।

Bankipur Ka Ran: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। प्रशांत किशोर के बयानों के बीच पार्टी ने उन्हें खुद मैदान में उतरने की चुनौती दी है। यह सीट राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई है जहां उनके पिता नवीन किशोर जीतते थे। नितिन नवीन ने भी कई बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया।भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर इस सीट पर जीत दर्ज करना चाहती है। बांकीपुर उपचुनाव काफी रोचक होने वाला है।
दो दिवसीय बिहार दौरे पर बुधवार को पटना आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों के साथ मैराथन बैठक की। पटना के सिपारा में हुई यह बैठक पांच घंटे तक चली। इस बैठक में जिलाध्यक्ष रूपनारायण मेहता सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि बांकीपुर के लिए जन सुराज पूरी ताकत से तैयारी कर रही है। जनता बीजेपी को उसकी असलियत दिखा देगी। उन्होंने इस सीट पर जन सुराज की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दिया है।
राज्यसभा सांसद बनने के बाद भाजपा अध्यक्ष ने बांकीपुर विस से इस्तीफा दे दिया है। इस कारण बांकीपुर सीट अभी रिक्त है। यहां अभी उपचुनाव होना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की परम्परागत सीट होने के कारण यह भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। इसलिए उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा अध्यक्ष ने खुद ही पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करने का निर्णय लिया। पहले दिन क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ता, शक्ति केंद्र के प्रभारी और सात मंडल अध्यक्षों के साथ मंडलवार अलग-अलग बैठक हुई। बैठक के दौरान बांकीपुर क्षेत्र में हुए विकासात्मक कार्यों पर चर्चा हुई। संवाद के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने छोटे-मोटे कार्यों को छोड़ बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की।
कार्यकर्ताओं को बताया गया कि राज्य के अन्य विस क्षेत्रों की तुलना में बांकीपुर में क्या-क्या काम हुए हैं और आने वाले दिनों में और कौन-कौन सी परियोजनाएं पूरी होने वाली हैं। संवाद के दौरान कई कार्यकर्ता जोश में दिखे। सभी ने एक स्वर से कहा कि अगर जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर में हिम्मत है तो वे बांकीपुर से चुनाव लड़ें। बांकीपुर के भाजपा कार्यकर्ता बांकीपुर में उनको राजनीतिक रूप से दफन कर देंगे। फिर वे भविष्य में कभी भी चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार आज गुरुवार को भी भाजपा अध्यक्ष तीन मंडल अध्यक्षों व प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर सकते हैं।




साइन इन