बख्तियारपुर-ताजपुर फोरलेन पुल दिसंबर तक बनेगा, उत्तर से दक्षिण बिहार सफर होगा आसान
यह फोरलेन पुल एवं पहुंच पथ पटना जिले के करजान के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ-31 से प्रारंभ होकर समस्तीपुर जिले के ताजपुर तक राष्ट्रीय उच्च पथ-28 को जोड़ता है। इस पथ की कुल लम्बाई 51.26 किलोमीटर है जिसमें गंगा नदी पर पुल की लम्बाई 5.51 किलोमीटर एवं पहुंच पथ की लम्बाई 45.75 किलोमीटर है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को गंगा नदी पर निर्माणाधीन बख्तियारपुर (करजान)-ताजपुर (समस्तीपुर) फोरलेन पुल एवं पहुंच पथ का भी स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अथमलगोला प्रखंड के करजान (बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन बाईपास) से कल्याणपुर होते हुए गंगा नदी के तट तक जाकर कार्यों का जायजा लिया। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस साल के अंत तक निर्माण कार्य पूर्ण हो जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी को सुगम बनाने में अहम साबित होगा। इससे महात्मा गांधी सेतु एवं राजेंद्र सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। इसके माध्यम से महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक तथा प्रमुख चिकित्सा संस्थानों तक जाने में समय की बचत होगी। यह पुल समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय की ओर से आवागमन करने वाले वाहनों का एक वैकल्पिक मार्ग होगा।
ज्ञातव्य है कि यह फोरलेन पुल एवं पहुंच पथ पटना जिले के करजान के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ-31 से प्रारंभ होकर समस्तीपुर जिले के ताजपुर तक राष्ट्रीय उच्च पथ-28 को जोड़ता है। इस पथ की कुल लम्बाई 51.26 किलोमीटर है जिसमें गंगा नदी पर पुल की लम्बाई 5.51 किलोमीटर एवं पहुंच पथ की लम्बाई 45.75 किलोमीटर है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बख्तियारपुर के नये भवन के निर्माण कार्य कार्य का भी जायजा लिया। यह भवन पांच मंजिला बनाया गया है, जिसमें 45 वर्ग कक्ष हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें ताकि छात्रों के पठन-पाठन में सुविधा हो। मुख्यमंत्री ने गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पुराने भवन का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बचपन में इसी स्कूल में पढ़ते थे। हमारी पुरानी यादें इससे जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने इसी स्कूल परिसर के पास स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्व. डुमर सिंह की प्रतिमा स्थल के पास बनाये जा रहे पार्क निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
समृद्धि यात्रा : तीन दिन मधेपुरा में रहेंगे मुख्यमंत्री
मधेपुरा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दौरान दस मार्च से तीन दिनों तक मधेपुरा में ही रात्रि विश्राम करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 12 मार्च को कटिहार और पूर्णिया में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 13 मार्च को मधेपुरा से सहरसा और खगड़िया जाएंगे। डीएम अभिषेक रंजन ने बताया कि समृद्धि यात्रा को लेकर तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम के संबंध में उन्हें फिलहाल पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।




साइन इन