bihar weather report summer temperature reached 34 degree on holi imd predicts heat Bihar Weather: बिहार में अभी से गर्मी सता रही, होली पर 34 डिग्री का टॉर्चर; आगे कैसा रहेगा मौसम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: बिहार में अभी से गर्मी सता रही, होली पर 34 डिग्री का टॉर्चर; आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि होली पर बिहार के कई जिलों में गर्मी का जबरदस्त टॉर्चर देखने को मिल सकता है और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बिहार के भागलपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से 29 डिग्री के आसपास स्थिर दिन का तापमान मार्च के पहले दिन ही 30 डिग्री के पार चला गया।

Mon, 2 March 2026 09:24 AMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
Bihar Weather: बिहार में अभी से गर्मी सता रही, होली पर 34 डिग्री का टॉर्चर; आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: बिहार में गर्मी रंग दिखाने लगा है। दोपहर के वक्त तेज धूप में लोगों को अच्छी-खासी गर्मी का एहसास हो रहा है। मार्च के शुरुआत में ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इधर मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि होली पर बिहार के कई जिलों में गर्मी का जबरदस्त टॉर्चर देखने को मिल सकता है और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बिहार के भागलपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से 29 डिग्री के आसपास स्थिर दिन का तापमान मार्च के पहले दिन ही 30 डिग्री के पार चला गया। रात के तापमान में भी एक डिग्री से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। पूरे दिन तेज पछुआ हवा के कारण तापमान का असर वास्तवित से अधिक महसूस हुआ।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को भी अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। पूरे दिन तेज पछुआ हवा चलने की संभावना है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र क नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि होली के दिन भी लोगों को अधिक तापमान का सामना करना पड़ सकता है। उसके बाद दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने के आसार दिख रहे हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस साल मार्च से मई तक सामान्य से पांच डिग्री अधिक तक दिन का तापमान रह सकता है। सोमवार के दिन का तापमान एक डिग्र्री तक बढ़ सकता है। इस बीच पिछले 24 घंटे में दिन का 30.4 डिग्री व रात का तापमान 12.5 डिग्री पर पहुंच गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शरीर पर नाखून के निशान और गले पर चोट, बिहार के चंपारण में बेटी से बेरहमी
ये भी पढ़ें:बिहार में 13 साल के लड़के ने 10 साल की लड़की का गला रेता, खेत में खौफनाक कांड

पूर्णिया में सुबह ठंड दोपहर में गर्मी

इधर पूर्णिया जिले में रविवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण दोपहर तक गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया गया। सुबह के समय हल्की ठंडक जरूर रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में तेजी आई और लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। कई घरों और दुकानों में दोपहर के समय पंखे चलने लगे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में यह बढ़ोतरी मार्च माह की शुरुआत के साथ सामान्य मानी जा रही है।

अनुमान है कि आने वाले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब प्रतिदिन एक से दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। रविवार को पछुआ हवा लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। शुष्क हवा के कारण खेतों में नमी कम होती जा रही है। इसका असर रबी फसलों पर पड़ सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में महिलाओं को अगली किस्त अप्रैल-मार्च तक, खाते में कितने पैसे आएंगे

किसान फसलों में नमी बनाए रखने के लिए सिंचाई में जुटे हुए हैं। विशेषकर गेहूं, मक्का और सब्जी की फसलों को अतिरिक्त पानी की जरूरत महसूस की जा रही है। बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। चिकित्सकों ने भी बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड के कारण सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। ऐसे में तापमान में क्रमिक वृद्धि जारी रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे और तेज हो सकता है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने राज्य में अगले सात दिनों तक मौसम के शुष्क बने रहने की सभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिले में 2 मार्च को अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 3 और 4 मार्च को भी अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने की संभावना है। 5 6 और 7 मार्च को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के आसपास रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 18-20 और 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में 3 तारीख तक अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इसके बाद 4 मार्च से लेकर 7 मार्च तक इन जिलों में अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 18-20 और 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार जिले में 4 मार्च तक अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 5 मार्च से 7 मार्च तक यहां अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दक्षिण पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास और भभुआ में होली तक अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 14-16 और 16-18 के बीच रह सकता है।

पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिलों में 2 मार्च को अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका है। 3 और 4 मार्च को इन जिलों में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद 7 मार्च तक इन जिलों में गर्मी सताएगी और तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।