Bihar Weather: छाता भी रखें साथ, बिहार में आज से आंधी और बरसात, 19 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather: मौसम में बदलाव और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश से खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है। मौसम में विशेष बदलाव के चलते दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी।

Bihar Weather: बिहार में रविवार से मौसम की मिजाज में बदलाव होगा। आंधी और बारिश के आसार हैं। रविवार को इसका प्रभाव राज्य के तराई और दक्षिण भाग के जिलों में देखा जा सकता है। तेज हवा और बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। इससे लोगों को आंशिक तौर पर गर्मी से राहत मिलेगी। बिहार में 15 से 19 मार्च के बीच बारिश के आसार हैं। 16 मार्च को राज्यभर में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम में बदलाव और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश से खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है। मौसम में विशेष बदलाव के चलते दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव का पूर्वानुमान नहीं है।
तापमान पहुंचा 37 डिग्री के पार
प्रदेश का अधिकतम तापमान 37 डिग्री के पार चला गया है। शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 27.8 से 37.3 और न्यूनतम 17.4 से 25.1 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 37.3 डिग्री कैमूर में और सबसे कम तापमान 17.4 डिग्री सीवान के जीरादेई में रिकॉर्ड हुआ।
पटना में कल आंधी के साथ हो सकती है बारिश
पटना में सोमवार को आंधी और बारिश के आसार हैं। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में पिछले एक सप्ताह से रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। शनिवार को लगातार दुसरे दिन न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट आई। अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
भागलपुर में कैसा रहेगा मौसम
इधर भागलपुर जिले में लगातार तप रही रात शुक्रवार को आधी रात के बाद सुहाने मौसम वाली रात में तब्दील हो गई। शनिवार की सुबह घने धुंध की चादर लपेटे आई। धुंध इस कदर घना रहा कि 200 मीटर से आगे साफ राहें तक नहीं दिख रही थीं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार की सुबह में धुंध के कारण दृश्यता 200 मीटर रही। वहीं दिन में सूरज ने इस कदर तपिश बढ़ाई की इस सीजन में पहली बार दिन का पारा 35.0 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
मौसम विभाग के अनुमानों की मानें तो सोमवार से दिन के तापमान में कमी आने लगेगी तो 17 से 19 मार्च के बीच आंशिक बादल के बीच गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री व न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से क्रमश: 3.4-3.4 डिग्री अधिक रहा।
दिन में पसीने छूटेंगे तो रात में मिलेगी राहत
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार और सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिन के तापमान में भी कमी आने लगेगी। लेकिन दिन में गर्मी पसीने निकालेगी तो रात का मौसम सुहाना रहेगा। वहीं 17 मार्च से लेकर 19 मार्च के बीच जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश या बौछारें पड़ने का अनुमान है।




साइन इन