Bihar Weather: बिहार में जलती-चुभती गर्मी और 40 डिग्री वाला टॉर्चर; बारिश कब होगी; मौसम का हाल
Bihar Weather: अप्रैल के दूसरे सप्ताह में प्रवेश करते ही गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम के बदलते मिजाज के साथ अब लोगों को चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पछुआ हवा के चलने से गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया।

Bihar Weather: बिहार में अब जलती-चुभती गर्मी का दौर लोगों को परेशान करेगा। मौसम विभाग ने मौसम को लेकर जो पूर्वानुमान जारी किया है उसके मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक बिहार में लगभग सभी जगहों पर मौसम शुष्क बना रह सकता है। वहीं अलग-अलग जगहों पर तापमान 36-38 और 38-40 डिग्री तक जा सकता है। जाहिर है ऐसे में लोगों को 40 डिग्री वाला टॉर्चर सहना होगा। मौसम विभाग की मानें तो आज बिहार के विभिन्न जिलों में अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इसके अलावा न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके बाद 16 तारीख तक अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं 17 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बारिश कब होगी
जाहिर सी बात है कि आने वाले दिनों में बिहार के लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना होगा। इस बीच हल्की सी राहत 17 अप्रैल को बिहार के कुछ जिलों में लोगों को मिल सकती है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 अप्रैल को अररिया, किशनगंज, पूर्णिया एवं कटिहार जिलों में एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। इधर बिहार ने लू से बचाव के साथ ही बाढ़ से बचाव की तैयारी शुरू कर दी है। आपदा प्रबंधन विभाग ने इसके लिए बाढ़ प्रभावित जिलों को समय से तैयारी पूरी कर लेने को कहा है। विभाग सचिव ने सभी जिलों को मानक संचालन प्रक्रिया(एसओपी) भेजी है।निर्देश दिया गया है कि राहत सामग्री दर का निर्धारण 15 मई और अन्य कार्य 31 मई तक सुनिश्चित कर लिए जाएं। राज्य के पंद्रह जिले बाढ़ के लिए अतिसंवेदनशील हैं।
बक्सर में कैसा है मौसम
अप्रैल के दूसरे सप्ताह में प्रवेश करते ही बक्सर जिले के अनुमंडल क्षेत्र में गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम के बदलते मिजाज के साथ अब लोगों को चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को पूरे दिन आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। वहीं पछुआ हवा के चलने से गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया, जिससे दिनभर लोगों को तपिश का एहसास होता रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटे में दिन के तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है।




साइन इन