Bihar Weather Heavy rain before monsoon entry heatwave relief IMD Mausam Alert Bihar Weather: बिहार में मॉनसून से पहले ही भारी बारिश, हवा-हवाई हुई हीटवेव; देखें मौसम विभाग का अलर्ट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Weather: बिहार में मॉनसून से पहले ही भारी बारिश, हवा-हवाई हुई हीटवेव; देखें मौसम विभाग का अलर्ट

सीमांचल में शनिवार सुबह झमाझम बरसात हुई। पटना समेत पूरे दक्षिण बिहार में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 4-5 दिनों तक बिहार में प्री-मॉनसून का मौसम रहने की संभावना है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।

Sat, 6 June 2026 03:48 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, पटना
share
Bihar Weather: बिहार में मॉनसून से पहले ही भारी बारिश, हवा-हवाई हुई हीटवेव; देखें मौसम विभाग का अलर्ट

Bihar Weather Forecast: बिहार में मॉनसून आने से पहले ही भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। पूर्णिया, भागलपुर, सुपौल समेत कई जिलों में शनिवार सुबह झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने पूरे बिहार में प्री-मॉनसून की बरसात होने के आसार जताए हैं। अगले 4-5 दिनों तक पटना से मोतिहारी, गयाजी से किशनगंज तक मौसम बिगड़ा हुआ रहेगा। इस दौरान कुछ जगहों पर वज्रपात यानी आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। बारिश के साथ आंधी चलने की भी आशंका है। दूसरी ओर, राज्य में हीटवेव अब छू-मंतर होती नजर आ रही है। आंधी-बारिश से लू का फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने ताजा पूर्वानुमान जारी कर राजधानी पटना समेत समूचे दक्षिण बिहार में शनिवार 6 मई को आंधी-बारिश की आशंका जताई। कटिहार, भागलपुर और बांका जिले में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया। कोसी और सीमांचल के इलाकों में भी मौसम बिगड़ा हुआ है।

सीमांचल और पूर्वी बिहार में झमाझम बारिश

पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर समेत आसपास के इलाकों में शनिवार से तेज बारिश हुई। शहर में सड़कों और निचला क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति हो गई है। झमाझम बारिश होने से गर्मी और उमस से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान काफी गिर गया।

मधुबनी में बिजली आपूर्ति बाधित

मधुबनी में ठनका गिरने से सुबह करीब 7 घंटे चकदह और रामपट्टी पावर सब स्टेशन की बिजली बाधित रही। इससे पेयजल के लिए लोगों को काफी परेशानी हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी एलटी लाइन में फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मधुबनी शहर में वज्रपात से कई ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ गए, जिसे ठीक किया गया। आकाशीय बिजली से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सुपौल और बांका में झमाझम

सुपौल में जिला मुख्यालय के साथ ही सरायगढ़, बसंतपुर, पिपरा, किशनपुर, त्रिवेणीगंज, निर्मली, छातापुर, प्रतापगंज समेत कई जगहों पर तेज पानी गिरा। बांका में भी सुबह 8 बजे से मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बरसात शुरू हो गई। आंधी से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, लोगों को पेयजल की समस्या से दो-चार होना पड़ा। कई जगहों पर पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गए, जिससे रोड बाधित हो गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में इस तारीख को एंट्री मारेगा मानसून, पर उससे पहले हीटवेव का बड़ा अलर्ट

7 और 8 जून को पटना समेत 27 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को 27 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। पटना, गयाजी, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, सुपौल, किशनगंज, पूर्णिया, बेगूसराय, भागलपुर, दरभंगा, समस्तीपुर समेत आसपास के जिलों में मौसम बिगड़ा रहने की आशंका है। लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

9 और 10 जून को उत्तर बिहार में भारी बारिश

अगले सप्ताह मंगलवार और बुधवार को उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा दक्षिण बिहार में भी आंधी और बरसात का दौर रहेगा। 9 जून को सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं, 10 जून को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल जिले में भारी बारिश का अलर्ट है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सुपौल: तेज हवा संग झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत

बिहार में 3-4 दिन लेट पहुंचेगा मॉनसून

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस बार मॉनसून बिहार में 3-4 दिन की देरी से दस्तक देगा। सामान्य तौर पर बिहार में मॉनसून 12 से 13 जून तक पहुंचता है। इस साल 15 से 16 जून के बीच इसके बिहार की सीमा में प्रवेश करने की संभावना है। मॉनसून की एंट्री सीमांचल के रास्ते होगी। इसके बाद अन्य जिलों में उसका प्रसार होगा। इस मॉनसून सीजन बिहार में सामान्य से औसतन कम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इससे पहले झमाझम प्री-मॉनसून बरसात होने के पूरे आसार हैं।

(पूर्णिया, कटिहार, बांका, सुपौल और मधुबनी से हिन्दुस्तान संवाददाताओं के इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बांका: आंधी-बारिश से बिजली आपूर्ति ठप, पेयजल संकट गहराया
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।