सुपौल: तेज हवा संग झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत
सुपौल में शनिवार सुबह अचानक मौसम बदला। तेज हवा, गरज और बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई। जिले में सबसे अधिक 50.2 मिमी वर्षा पिपरा में हुई। किसानों को बारिश से फसलों की तैयारी में सहायता मिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जताई है।

सुपौल से नवीन कुमार की रिपोर्ट जिले में शनिवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दिलाई। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कुछ ही देर में जिले के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। सांख्यिकी विभाग के वर्षामापी केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में सबसे अधिक 50.2 मिमी वर्षा पिपरा प्रखंड में दर्ज की गई।
इसके अलावा सुपौल सदर में 46 मिमी, सरायगढ़-भपटियाही में 42.6 मिमी और बसंतपुर में 28.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। किशनपुर में 16.2 मिमी, त्रिवेणीगंज में 11.4 मिमी, राघोपुर में 7.4 मिमी, निर्मली में 7.1 मिमी, छातापुर में 6.8 मिमी, प्रतापगंज में 6.4 मिमी तथा मरौना में 5.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलने की उम्मीद है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से खरीफ फसलों की तैयारी को गति मिलेगी। किसानों भागवत यादव, देवनारायण मंडल, जीवच यादव और रामदयाल सिंह ने बताया कि समय पर हुई बारिश से धान की नर्सरी तैयार करने में सहूलियत होगी और सिंचाई की लागत भी कम होगी। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. नित्यानंद रॉय ने कहा कि रोहिणी नक्षत्र में हुई यह बारिश धान की नर्सरी और अन्य खरीफ फसलों के लिए काफी लाभकारी है। वहीं मौसम वैज्ञानिक एसके सुमन ने बताया कि जिले में 9 जून तक गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन