बच्चों के मैदान में खेलने पर रोक, वाटर बेल बजेगी; बिहार में हीटवेव के चलते स्कूलों में नए नियम
बिहार में हीटवेव के चलते सभी स्कूलों में नए नियम लागू कर दिए गए हैं। अब स्कूलों में स्पोर्ट्स पीरियड नहीं होग। बच्चों के धूप में मैदान में खेलने पर भी रोक लगा दी गई है। साथ ही, स्कूलों में वाटर बेल भी बजाई जाएगी।

बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते स्कूलों के लिए ऐक्शन प्लान आया है। तेज धूप और गर्मी में स्कूली बच्चों के खुले मैदान में खेलने पर रोक लगा दी गई है। स्कूलों में फिलहाल खेल पीरियड नहीं होगा। साथ ही राज्य के सभी स्कूलों में अब वाटर बेल बजाई जाएगी। इसके जरिए छात्र-छात्राओं को निश्चित अंतराल के बाद नियमित रूप से पानी पीते रहने के लिए कहा जाएगा। ताकि उन्हें गर्मी में डिहाइड्रेशन की समस्या ना हो।
इसके अलावा, पेड़ के नीचे क्लास नहीं लगाने, स्कूल परिसर में पेयजल की उचित व्यवस्था करने, चापाकलों को दुरुस्त करने जैसे कई दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। दूसरी ओर, लू चलने की आशंका को देखते हुए पटना समेत कई जिलों में छोटे बच्चों की कक्षाओं का समय भी बदला गया है।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक (एसपीडी) नवीन कुमार ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (डीपीओ) को ये दिशानिर्देश दिए हैं। इन्हें सभी स्कूलों में तत्काल प्रभाव से लागू करवाने को कहा गया है।
ईपीसी द्वारा जारी पत्र में यह भी कहा गया है कि मैदान में किसी भी तरह के खेल का आयोजन नहीं किया जाए। हर क्लासरूम में पंखा चालू रखा जाए। स्कूल परिसर में बच्चों के लिए मिट्टी के घड़े में पानी रखा जाए। साथ ही, बच्चों को लू से बचाव के लिए पोस्टर के माध्यम से जानकारी दी जाए।
चापाकलों को चालू अवस्था में रखना होगा
पत्र में कहा गया है कि सभी जिले के डीईओ को यह सुनिश्चित करना होगा कि जिन विद्यालयों में चापाकल (हैंडपंप) लगा है वह चालू अवस्था में हो। जहां नहीं है, वहां बिना किसी देरी के उसकी मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही जरूरत हो तो विद्यालय में नए चापाकल स्थापित कराए जाएं।
स्कूली बच्चों को लू से बचाव के लिए निर्देश-
- सूती, हल्का और हल्के रंग का कपड़ा पहनें
- हल्का एवं थोड़ा भोजन करें
- पेट खाली ना रखें
- संभव हो तो पानी में ग्लूकोज या नींबू मिलाकर पिएं
- घर से निकलने पर टोपी, गमछा या छाता लेकर अवश्य आएं
- पानी पीते रहें, शरीर को हाइड्रेटेड रखें
- ताजा पका हुआ भोजन करें, बासी भोजन ना करें
पटना समेत कई जिलों में स्कूलों का समय बदला
पटना, छपरा, शेखपुरा, गयाजी, भोजपुर समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए छोटे बच्चों की कक्षाओं के लिए स्कूलों का समय बदला गया है। कहीं पर 5वीं तक की कक्षाओं के सुबह 11.30 बजे के बाद संचालन पर पाबंदी लगाई गई है। वहीं, किसी जिले में यह प्रतिबंध दोपहर 12.30 बजे के बाद रखा गया है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं।




साइन इन