बिहार के सरकारी स्कूल में प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल, दो शिक्षिकाओं समेत 5 टीचर निलंबित
रोहतास (सासाराम) जिले के राजपुर स्थित एक सरकारी उर्दू स्कूल में प्रतिबंधित मांस मिलने से बुधवार को बवाल मच गया। काली पॉलिथिन में रखे प्रतिबंधित मांस का वीडियो वायरल हुआ। डीईओ ने पांच टीचर को सस्पेंड किया है। लोगों ने स्कूल में नारेबाजी कर हंगामा भी किया। डीएम और एसपी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

बिहार के रोहतास जिले एक सरकारी स्कूल में प्रतिबंधित मांस मिलने पर बवाल मच गया। यह मामला राजपुर के रामुडीह उर्दू मध्य विद्यालय का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने शिक्षकों के खिलाफ विद्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी की। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। एहतियातन कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। हंगामा बढ़ने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने स्कूल के पांच टीचर को तुरंत सस्पेंड कर दिया। निलंबित टीचर में दो शिक्षिकाएं भी शामिल हैं। प्रतिबंधित मांस कौन लाया था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, रामुडीह स्थित उर्दू मध्य विद्यालय में शिक्षकों द्वारा प्रतिबंधित मांस विद्यालय में लाने पर ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। उन्होंने विद्यालय परिसर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ बिक्रमगंज एसडीएम मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का हंगामा देख पुलिस पांच शिक्षकों को अपने साथ थाने ले गई। बताया जाता है कि प्रतिबंधित मांस का वीडियो वायरल होने पर ग्रामीण हंगामा कर रहे थे। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो का पुष्टि नहीं करता है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें स्कूल में प्रतिबंधित मांस होने की सूचना मिली थी। इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। मामले में थानाध्यक्ष अंशु माला ने बताया कि मामले की जांच कर वरीय अधिकारी के दिशानिर्देश के बाद कार्रवाई की जाएगी।
डीएम-एसपी पहुंचे, बोले- मांस की फॉरेंसिक जांच करा रहे
मामले की गंभीरता को देख डीएम उदिता सिंह एवं एसपी रौशन कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं शांति व्यवस्था को लेकर नासरीगंज, काराकाट, कच्छवा, संझौली समेत अन्य थाने के पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसपी ने कहा कि एफएसएल टीम से मांस की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह मांस प्रतिबंधित था या नहीं।
इन शिक्षकों को किया गया सस्पेंड
डीईओ मदन राय ने बुधवार को कहा कि उन्हें उक्त स्कूल में प्रतिबंधित मांस रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने इस सूचना का सत्यापन कराया। फिर उर्दू मध्य विद्यालय रामुडीह राजपुर के पांच शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित होने वाले शिक्षकों में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अख्तर अली, विद्यालय अध्यापक इमरान, सुफिया खातून, हिना कौसर एवं विशिष्ट शिक्षक अनवर खान शामिल हैं।
डीईओ ने बताया कि निलंबित शिक्षक अखतर अली, इमरान एवं अनवर खान का निलंबन मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र दावथ रहेगा। वहीं निलंबित शिक्षका सुफिया खातून एवं हिना कौसर का निलंबन अवधि तक मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र सूर्यपुरा रहेगा।
ग्रामीणों के आवेदन पर विद्यालय में कार्यरत अन्य दो शिक्षकों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से अन्य विद्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया है। साथ ही विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से करने के लिए दूसरे स्कूलों से पांच शिक्षकों को उर्दू मध्य विद्यालय रामुडीह में वैकल्पिक तौर पर तैनात किया गया है। ताकि बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा उत्पन्न ना हो।
(सासाराम से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन