School Timings changed in Chapra Bhojpur Gaya other districts after Patna restrictions due to Heatwave पटना के बाद 5 और जिलों में स्कूलों का समय बदला, बिहार में हीटवेव के चलते पाबंदी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पटना के बाद 5 और जिलों में स्कूलों का समय बदला, बिहार में हीटवेव के चलते पाबंदी

बिहार में हीटवेव के अलर्ट के चलते बच्चों की पढ़ाई पर पाबंदी लगना शुरू हो गई है। पटना के बाद 5 और जिलों में स्कूलों का समय बदल गया है। अन्य जिलों में भी छोटी कक्षाओं का समय बदलने की संभावना जताई जा रही है।

Wed, 22 April 2026 04:20 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
पटना के बाद 5 और जिलों में स्कूलों का समय बदला, बिहार में हीटवेव के चलते पाबंदी

Bihar School Timings: बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के अलर्ट के चलते छोटे बच्चों के स्कूलों पर पाबंदी लगना शुरू हो गई है। पटना के बाद कई अन्य जिलों में भी स्कूल टाइमिंग बदल दी गई है। छपरा (सारण), अरवल, भोजपुर, गयाजी, शेखपुरा में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारियों ने निजी और सरकारी स्कूल के समय में बदलाव के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अन्य जिलों में भी पाबंदी लगने की संभावना जताई जा रही है।

छपरा में सुबह 11.30 बजे तक ही चलेंगे 5वीं तक के स्कूल

सारण (छपरा) जिले में 8वीं तक के स्कूलों के टाइम टेबल का नया आदेश आया है। इसके तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में 5वीं तक के बच्चों की छुट्टी सुबह 11.30 बजे तक किसी भी स्थिति में करनी होगी। 11.30 के बाद पांचवीं तक की कक्षाएं नहीं चलाई जा सकेंगी। यह आदेश जिले के सभी प्री-प्राइमरी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू रहेगा।

वहीं, छठी से आठवीं तक की कक्षाओं के बच्चों की छुट्टी दोपहर 12.30 बजे से पहले करनी होगी। इससे ऊपर की कक्षाओं के संचालन पर किसी भी तरह की पाबंदी नहीं है। छपरा के डीएम वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को यह आदेश जारी किया, जो 24 अप्रैल से 28 अप्रैल तक के लिए लागू रहेगा।

अरवल में 30 अप्रैल तक पाबंदी

वहीं, अरवल जिले में भी 5वीं तक के स्कूलों की छुट्टी सुबह 11.30 बजे से पहले करने का आदेश निकला है। डीएम अमृषा बैंस ने मंगलवार को जारी आदेश में कहा कि दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसे देखते हुए सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 5 तक की शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 11.30 बजे के बाद संचालित किए जाने पर पाबंदी रहेगी।

अरवल जिले में कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों छुट्टी भी दोपहर 12.30 बजे से पहले किए जाने का आदेश दिया गया है। स्कूलों की नई समय सारिणी 22 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लागू रहेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना में 5वीं तक के स्कूलों का समय बदला, डीएम का आदेश; बिहार में हीट इफेक्ट शुरू

शेखपुरा में 5वीं तक के स्कूलों की नई टाइमिंग

डीएम शेखर आनंद ने मंगलवार को आदेश जारी कर शेखपुरा जिले में 5वीं तक के स्कूलों की नई टाइमिंग जारी की। इसके तहत स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 5 तक की कक्षाओं का समय सुबह 6.30 से 11.30 बजे तक कर दिया गया है। 11.30 के बाद छोटे बच्चों की पढ़ाई पर पाबंदी लगाई गई। यह आदेश बुधवार के लिए जारी किया गया था। गर्मी की आशंका को देखते हुए यह पाबंदी आगे भी बढ़ाई जा सकती है।

पटना, गया और भोजपुर में भी बदला समय

इससे पहले पटना के डीएम त्यागराजन ने जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में 5वीं तक के बच्चों की कक्षाओं के संचालन पर दोपहर 12.30 बजे के बाद रोक लगाई गई थी, जो 25 अप्रैल तक लागू है। वहीं, भोजपुर जिला प्रशासन ने भी इसी टाइमिंग के साथ 5वीं तक की कक्षाओं के लिए आगामी शनिवार तक के लिए आदेश जारी किया है। इसी तरह गयाजी जिले में यही टाइमिंग 5वीं तक के स्कूलों के लिए 30 अप्रैल तक लागू करने का आदेश जारी किया गया।

वैसे राज्य भर के सरकारी स्कूलों का समय सुबह 6.30 से दोपहर 12.20 तक ही है। हालांकि, कई निजी स्कूल इसके बाद भी कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों पर ये आदेश विशेष तौर पर प्रभावी रहेगा।

बिहार में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को बिहार में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। बुधवार को दक्षिण बिहार के जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और येलो अलर्ट है। गुरुवार को भी भोजपुर, नालंदा, गयाजी समेत 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, शुक्रवार से मौसम में थोड़ा बदलाव होने की संभावना है, जिससे बढ़ते तापमान में हल्की राहत मिल सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में लू की चेतावनी, 20 जिलों में तापमान रहेगा 40 के पार; बारिश कब होगी
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।