बिहार में इस दिन लागू होगी शिक्षकों की नई ट्रांसफर नीति, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान
Bihar Teacher Transfer Policy: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने घोषणा की है कि 30 जून तक शिक्षकों की ट्रांसफर नीति लागू हो जाएगी। साथ ही, 15 जुलाई तक बीपीएससी TRE-4 की अधियाचना भेज दी जाएगी।

Bihar Teacher Transfer Policy: बिहार के शिक्षकों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। सूबे के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों के तबादले को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। शिक्षा मंत्री ने साफ कहा है कि आगामी 30 जून तक राज्य में शिक्षकों की नई ट्रांसफर नीति को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा। इस नई नीति के लागू होने के बाद शिक्षकों को अपनी पोस्टिंग और ट्रांसफर के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और न ही परेशान होना पड़ेगा। शिक्षा मंत्री के इस बड़े बयान के बाद से उन लाखों शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है, जो लंबे समय से अपने घर या पसंदीदा ब्लॉक के आस-पास ट्रांसफर होने का इंतजार कर रहे थे।
बिहार कैबिनेट जल्द पास करेगी नीति
मिली जानकारी के अनुसार, इस ट्रांसफर नीति को हमेशा के लिए प्रभावी बनाने के लिए इसे बिहार कैबिनेट से बकायदा पास कराया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षक चूंकि जिला कैडर के होते हैं, इसलिए सरकार का यह पूरा प्रयास है कि सभी को उनके गृह जिले के अंदर ही पोस्टिंग हासिल हो। इस नई नीति में महिला सुरक्षा और सहूलियत को सबसे ऊपर रखते हुए महिला शिक्षिकाओं को उनके घर के सबसे नजदीक वाली पंचायत में तैनाती दी जाएगी। वहीं, पुरुष शिक्षकों की बात करें, तो उन्हें उनके घर के आस-पास के ही ब्लॉक में ट्रांसफर किया जाएगा।
बीपीएससी TRE-4 को लेकर भी बड़ा ऐलान
तबादला नीति के साथ-साथ शिक्षा मंत्री ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर भी एक बहुत बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी स्कूलों से विषयवार खाली पदों का पूरा डेटा मंगा लिया जाएगा। डेटा तैयार होने के बाद, शिक्षा विभाग 15 जुलाई के आस-पास बीपीएससी को परीक्षा आयोजित करने के लिए अपनी आधिकारिक अधियाचना भेज देगा। मंत्री ने साफ किया कि सरकार का लक्ष्य अगले 5 वर्षों में 1 लाख नए शिक्षकों की बहाली करना है, जिसके तहत हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, बिहार के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए एक और सौगात देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी की एक नई शाखा खोलने के लिए सरकार जमीन उपलब्ध कराएगी और इसके प्रबंधन से जल्द ही मुलाकात की जाएगी।




साइन इन