Three students are missing from private school hostel director said night guard was sleeping police reacts on it बिहार में हॉस्टल से 3 छात्र लापता, निदेशक बोले- नाइट गार्ड सो रहा था; पुलिस बोली- गार्ड था ही नहीं, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में हॉस्टल से 3 छात्र लापता, निदेशक बोले- नाइट गार्ड सो रहा था; पुलिस बोली- गार्ड था ही नहीं

बिहार के सहरसा जिले में स्कूल के हॉस्टल से गायब हुए छात्रों को 72 घंटे से ज्यादा का वक्त बीत चुका है। इस बीच स्कूल के निदेशक ने दावा किया था कि गार्ड के सो जाने के बाद तीनों छात्र हॉस्टल से बाहर निकल गए थे। पुलिस ने कहा है कि वहां गार्ड था ही नहीं। 

Sun, 7 June 2026 01:21 PMNishant Nandan हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, सोनवर्षा राज, सहरसा
share
बिहार में हॉस्टल से 3 छात्र लापता, निदेशक बोले- नाइट गार्ड सो रहा था; पुलिस बोली- गार्ड था ही नहीं

बिहार के सहरसा जिले में एक प्राइवेट स्कूल के छात्रावास से तीन बच्चे गायब हो गए हैं। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बीच अब स्कूल के डायरेक्टर और पुलिस के अलग-अलग बयान आने से मामला और भी उलझता नजर आने लगा है। दरअसल स्कूल के निदेशक ने कहा है कि जिस वक्त छात्र हॉस्टल से निकले उस वक्त नाइट गार्ड सो रहा था। लेकिन पुलिस ने कहा है कि स्कूल में तो नाइट गार्ड था ही नहीं। दरअसल यहां काशनगर मुख्य बाजार स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के छात्रावास से लापता हुए तीन बच्चों का 72 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

बच्चों के नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है। शनिवार को इंस्पेक्टर राजीव कुमार झा एवं काशनगर थाना पुलिस विद्यालय पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस सिमरी बख्तियारपुर तथा सहरसा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चों को एक साथ जाते हुए देखा गया है। लापता छात्रों में फतेहपुर गांव निवासी विजय यादव का पुत्र आदित्य कुमार, मंगनवा गांव निवासी राकेश मुखिया का पुत्र शिवम कुमार तथा बसनही थाना क्षेत्र के मंगवार गांव निवासी उमेश मंडल का पुत्र नीरज कुमार शामिल हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खान सर पर FIR बदला लेने के लिए हुआ, वकील बोले -गार्ड ने सुरक्षा के लिए गोली चलाई
ये भी पढ़ें:पुलिस की तारीफ की, सहयोग करेंगे भी बोला, फिर FIR के बाद कहां लापता हो गए खान सर?

इनमें दो छात्र वर्ग-दो और एक छात्र वर्ग-तीन में अध्ययनरत हैं। तीनों पिछले तीन वर्षों से कैरियर मेकर आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।घटना चार जून की अहले सुबह की बताई जा रही है, जब तीनों छात्र अचानक छात्रावास से गायब हो गए। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने परिजनों को सूचना दी। विद्यालय प्रशासन और परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चल सका।विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। विद्यालय निदेशक विजय भगत ने रात्रि प्रहरी के सोए रहने की बात कही है, जबकि काशनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार का कहना है कि विद्यालय में कोई रात्रि प्रहरी मौजूद नहीं था।

तीनों एक साथ जाते नजर आए……

बता दें कि तीनों छात्र बीते गुरुवार की अहले सुबह से गायब हैं। परिजनों ने काशनगर थाना में आवेदन देकर बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग की है। तीनों छात्र काशनगर बाजार स्थित कैरियर मेकर आवासीय विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 4 जून की अहले सुबह तीनों छात्र अचानक हॉस्टल से गायब हो गए, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल उनके परिजनों को दी गई थी। सीसीटीवी में साथ जाते दिखे छात्र, पुलिस जांच में जुटी: घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन और परिजनों ने अपने-अपने स्तर से बच्चों की तलाश शुरू की।

आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान तीनों छात्रों को एक साथ परिसर से बाहर जाते हुए देखा गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए काशनगर थाना में आवेदन दिया गया है। थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा छात्रों की बरामदगी के लिए पुलिस हर पहलू पर जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।