‘जल्द ही सब NDA के साथ होंगे', I.N.D.I.A गठबंधन को लेकर बिहार के इस मंत्री ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी
INDIA Block Dispute: 8 जून की बैठक से पहले इंडिया गठबंधन में भारी विवाद हो गया है। सीपीएम और जेएमएम ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि बिहार के मंत्री संतोष सुमन ने इसे स्वार्थ का गठबंधन कहा है।

INDIA Block Dispute: आगामी 8 जून को होने वाली बड़ी बैठक से ठीक पहले विपक्षी दलों के 'इंडिया गठबंधन' (INDIA Block) में एक बड़ा और गंभीर विवाद खड़ा हो गया है। गठबंधन के भीतर मची इस रार के बाद अब विरोधियों को भी हमला करने का एक बड़ा मौका मिल गया है। इसी कड़ी में पटना में बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने विपक्षी एकता पर तीखा तंज कसा है। मंत्री संतोष कुमार सुमन ने साफ शब्दों में कहा, "INDI गठबंधन नाम की कोई चीज ही नहीं थी। यह गठबंधन सिर्फ अपने स्वार्थ और चुनाव के लिए हुआ था।" उन्होंने आगे कहा कि जैसा कि आप सब देख रहे हैं, टीएमसी (TMC) में पहले ही बड़ी फूट पड़ चुकी है और डीएमके भी अब इस गठबंधन के साथ बिल्कुल नहीं रहना चाहती है। आने वाले समय में ये सभी दल एनडीए (NDA) के साथ होंगे और देश के विकास में अपना योगदान करेंगे।
सीपीएम और जेएमएम ने जताई कांग्रेस से भारी नाराजगी, आप और डीएमके ने पहले ही बनाई दूरी
इस महाबैठक से ठीक पहले विपक्षी खेमे में भारी कलह मची हुई है। गठबंधन के बड़े सहयोगी दलों ने कांग्रेस पर संकट के समय साथ न देने का बहुत गंभीर आरोप लगाया है। खबर के अनुसार, सीपीएम (CPM) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने कांग्रेस के रवैए को लेकर अपनी भारी नाराजगी जताई है। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) और डीएमके (DMK) जैसी बड़ी पार्टियों ने तो इस बैठक से पहले ही खुद को गठबंधन की गतिविधियों से पूरी तरह अलग कर लिया है। सहयोगियों का यह बिखराव साफ तौर पर दिखाता है कि चुनाव खत्म होते ही विपक्षी पार्टियों के बीच की आपसी कड़वाहट और मतभेद खुलकर सड़कों पर आ गए हैं।
राहल गांधी के बयानों और ईडी की कार्रवाई पर भड़की सीपीएम
इस पूरे विवाद की जमीनी वजहों को देखें, तो शनिवार को सीपीआई(एम) के महासचिव एम. ए. बेबी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक बेहद तल्ख पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने जानबूझकर यह झूठा प्रचार किया कि सीपीआई(एम) और बीजेपी (BJP) के बीच कोई अंदरूनी डील यानी गुप्त समझौता हुआ है। उन्होंने पत्र में यह भी जिक्र किया कि राहुल गांधी ने केरल विधानसभा चुनाव के समय वहां के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के खिलाफ ईडी की कार्रवाई का मुद्दा उठाकर उन्हें घेरने की कोशिश की थी। कांग्रेस की इसी रणनीति से नाराज होकर अब एक-एक कर सभी क्षेत्रीय दल पीछे हट रहे हैं, जिससे 8 जून की बैठक से पहले ही विपक्षी एकता पूरी तरह वेंटिलेटर पर पहुंच गई है।




साइन इन