सम्राट चौधरी ने ली बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ, बिजेंद्र यादव और विजय बने डिप्टी सीएम
Samrat Choudhary Oath: सम्राट चौधरी के अलावा जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। लोकभवन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्मयंत्री पद की शपथ दिलाई

Samrat Choudhary Oath: बिहार में आज से ‘सम्राट’ युग की शुरुआत हो चुकी है। यह पहला मौका है जब बिहार में बीजेपी का अपना मुख्यमंत्री बना है। सम्राट चौधरी अब बिहार की नई सरकार का नेतृत्व करेंगे और वो होंगे बिहार के मुख्मयंत्री। सम्राट चौधरी को पटना स्थित लोकभवन में सम्राट सैयद अता हसनैन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है। सम्राट चौधरी के अलावा जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
लोकभवन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्मयंत्री पद की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी के नेता जेपी नड्डा, भीखूभाई दलसानिया और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार भी मौजूद थे। लोजपा (रामविलास) पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान भी इस शपथ समारोह के गवाह बने।
नए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले सम्राट चौधरी पटना के राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर भी गए थे। हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सम्राट चौधरी सीधे लोकभवन पहुंचे। यहां मौजूद नेताओं का सम्राट चौधरी ने अभिवादन किया और फिर राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके समर्थक बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे लगाते नजर आए। सम्राट चौधरी के समर्थक शपथ समारोह से पहले भी काफी उत्साह में नजर आ रहे थे। इस शपथ समारोह में सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी और उनके घर के कुछ अन्य सदस्य भी मौजदू थे।
क्या बोले डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में JDU नेता निशांत कुमार की अनुपस्थिति पर कहा कि उनको खुद निर्णय लेना है कि वे राजनीति में आएंगे या नहीं। राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि वे खुद किसकी पाठशाला से निकले हैं?... पहले तो जनता दल ही था।
बिहार: जनता दल (यूनाइटेड) नेता विजय कुमार चौधरी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर कहा, " मैंने जो आज शपथ ली है, इसके लिए मैं नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करता हूं। ये उन्हीं के विश्वास का नतीजा है कि मुझे ये जिम्मेदारी मिली है... जो उनके(नीतीश कुमार) रास्ते हैं, उनकी नीतियां हैं, उनके तरीके हैं, उनके कार्यक्रम है, उनके तरीके हैं, उनकी कार्यशैली है उसी पर चलने का काम हम करेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, “अब तक नीतीश कुमार का जो मॉडल था उसमें भाजपा भी थी। अभी तुलना वाली कोई बात नहीं है। बिहार के मॉडल में नीतीश कुमार भी हैं, भाजपा भी है और अन्य तीन दल भी हैं... नीतीश कुमार कोई दूसरा नहीं हो सकता। नीतीश कुमार की जो सोच है, उनके काम करने का तरीका अद्भुत है। हमने उनके साथ बहुत कुछ सीखा है और उसी आधार पर हम आगे बढ़ रहे हैं। यही बात हमारे नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कही है कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो रास्ता, जो नीतियां व कार्यक्रम बनाए हैं, हम उसी को आगे बढ़ाएंगे इसलिए न कहीं कोई कंफ्यूज़न है और न समझदारी का भाव है।”




साइन इन