Samrat Govt Oath Highlights: सम्राट चौधरी की नीतीश कुमार से मुलाकात, सीएम ने किया विभागों का बंटवारा BJP CM Samrat Choudhary led NDA Govt Swearing In JDU Dy CM Bijendra Yadav Vijay Choudhary Oath latest updates - bihar news
More
Hindi NewsबिहारSamrat Govt Oath Highlights: सम्राट चौधरी की नीतीश कुमार से मुलाकात, सीएम ने किया विभागों का बंटवारा

Samrat Govt Oath Highlights: सम्राट चौधरी की नीतीश कुमार से मुलाकात, सीएम ने किया विभागों का बंटवारा

Samrat Govt Oath Highlights: सम्राट चौधरी के अलावा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी ने शपथ लेते ही कई अहम राजनीतिक उपलब्धियां अपने नाम दर्ज की हैं। वह बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं।

Samrat Govt Oath Highlights: सम्राट चौधरी की नीतीश कुमार से मुलाकात, सीएम ने किया विभागों का बंटवारा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की

Nishant Nandan| लाइव हिन्दुस्तान,पटना | Wed, 15 Apr 2026 10:22 PM
हमें फॉलो करें

Samrat Govt Oath Highlights: बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने लोकभवन के राजेंद्र मंडपम में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी इस पद पर आसीन होने वाले, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। राज्य के इतिहास में यह पहली बार है जब भाजपा के किसी नेता ने मुख्यमंत्री पद संभाला है।

सम्राट चौधरी के अलावा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी ने शपथ लेते ही कई अहम राजनीतिक उपलब्धियां अपने नाम दर्ज की हैं। वह बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं। इसके साथ ही वह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो उपमुख्यमंत्री पद से सीधे मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। करीब 59 वर्षों बाद यह उपलब्धि दोहराई गई है। इससे पहले 1967 में उपमुख्यमंत्री बने जननायक कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में मुख्यमंत्री पद संभाला था।

मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने सचिवालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। फिर भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनका अभिनंदन समारोह हुआ। शाम में सीएम सम्राट चौधरी ने अपने और दोनों डिप्टी सीएम के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया। सम्राट ने खुद के पास 29 विभाग रखे हैं, जबकि विजय चौधरी को 10 और बिजेंद्र यादव को 8 विभाग दिए हैं।

15 Apr 2026, 08:50:16 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: फौजी इंजीनियर के बेटे ने नाप दिया बिहार की सत्ता का शिखर

Samrat Govt Oath LIVE: भारतीय सेना में 14 साल तक देश की सेवा करने के बाद राजनीति में आए फौजी इंजीनियर शकुनी चौधरी तीन दशक लंबी पारी में जो नहीं कर पाए, उसे बेटे सम्राट चौधरी ने 26 साल के पॉलिटिकल करियर में बिहार की सत्ता के शिखर को नापकर हासिल कर लिया है। शकुनी चौधरी कई दल में रहे, छह बार विधायक चुने गए, सांसद और मंत्री भी बने, पत्नी पार्वती देवी विधायक बनीं, कुशवाहा समाज को नीतीश कुमार के साथ मिलकर ‘लव-कुश’ की राजनीतिक धार दी, लेकिन एक अधूरेपन के साथ 2015 के बाद राजनीति के नेपथ्य में चले गए। फुटबॉल और वॉलीबॉल के खिलाड़ी रहे शकुनी चौधरी कुशवाहा राजनीति से जो खेल नहीं कर पाए, उस खेल का सबसे बेहतरीन गोल उनके बेटे सम्राट ने मार दिया है।

पूरी खबर पढ़ें

15 Apr 2026, 08:18:22 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: पहली बैठक में सीएम सम्राट चौधरी की अफसरों को सख्त चेतावनी

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार ग्रहण करने के बाद उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि काम को लटकाने और सिर्फ फाइल आदि बढ़ाने की प्रवृत्ति नहीं चलेगी। ऊपर से नीचे तक कहीं भी भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की समस्याओं का तुरंत निपटारा होना चाहिए।

पूरी खबर पढ़ें

15 Apr 2026, 06:17:28 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: नीतीश कुमार से मिले सम्राट चौधरी

Samrat Govt Oath LIVE: नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की है। भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस अवसर पर सम्राट ने राज्य के विकास, सुशासन और जनहित के विषयों पर नीतीश से मार्गदर्शन लिया।

15 Apr 2026, 05:39:29 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सीएम सम्राट चौधरी ने कर दिया विभागों का बंटवारा

Samrat Govt Oath LIVE: नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने और दोनों डिप्टी सीएम के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। सीएम ने 29 विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं, 10 विभाग विजय चौधरी और 8 विभाग बिजेंद्र प्रसाद यादव को दिए हैं।

किसके पास कौनसा विभाग रहेगा, यह देखने के लिए यहां क्लिक करें

15 Apr 2026, 04:58:57 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट के सीएम बनने पर पीके बोले- जनता के साथ धोखा

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एनडीए ने नीतीश कुमार के नाम पर चुनाव लड़ा था। अब भाजपा ने सम्राट चौधरी को बैकडोर से सीएम बना दिया। यह बिहार के लोगों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि नई भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा अब ऐसा ही है।

15 Apr 2026, 03:32:24 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट के शपथ ग्रहण में शामिल नहीं हुए निशांत कुमार, बिजेंद्र यादव क्या बोले

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार शामिल नहीं हुए। यह सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू के दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी एवं बिजेंद्र यादव ने आज लोकभवन में शपथ ली। बिजेंद्र से जब पत्रकारों ने निशांत की समारोह में अनुपस्थिति का सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि निशांत कुमार को खुद फैसला लेना है कि उन्हें राजनीति में आना है या नहीं। पहले भाजपा सीएम के नेतृत्व वाली सरकार में नीतीश के बेटे के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा चल रही थी। फिर सुनने में आया कि निशांत अभी सरकार का हिस्सा बनने के लिए तैयार नहीं हैं, इसलिए बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी को डिप्टी सीएम बनाया गया।

15 Apr 2026, 02:31:20 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: भाजपा कार्यालय से पैदल ही बाहर निकले सम्राट चौधरी

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय से बाहर निकले। वे पैदल ही गेट से बाहर गए। सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं।

15 Apr 2026, 02:24:36 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सम्राट चौधरी को बधाई दी है। सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, 'बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर श्री सम्राट चौधरी और उनके साथ उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले श्री विजय कुमार चौधरी एवं श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को बहुत-बहुत बधाई। बिहार की यह नई एनडीए टीम ऊर्जा और अनुभव का संगम है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह सरकार बिहार की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ राज्य के विकास को एक नई बुलंदी पर ले जाएगी। मैं बिहार की इस नई टीम को एक अत्यंत सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूँ।

15 Apr 2026, 02:20:15 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: अमित शाह ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार सम्राट चौधरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी बधाई दी है। अमित शाह ने एक्स पर लिखा, 'सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ देता हूँ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी। साथ ही, एक सुरक्षित एवं विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में NDA की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।'

15 Apr 2026, 02:17:00 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: प्रधानमंत्री मोदी ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं! उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।’

15 Apr 2026, 02:15:22 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: कार्यकर्ताओं के बल पर सरकार चलेगी - सम्राट चौधरी

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज बड़ा दिन है। विकास का काम करना है। कार्यकर्ताओं के बल पर सरकार चलेगी। कार्यकर्ताओं का सम्मान आगे भी बढ़ेगा। उनका अभिवादन स्वीकार करने आया था। सबों को धन्यवाद।

15 Apr 2026, 02:12:49 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हुआ अभिनंदन

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अभिनंदन कार्यक्रम भव्य रहा। बीजेपी कार्यालय में पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। भीड़ अत्यधिक होने की वजह से सभी कतार में खड़े थे। मंच पर मौजूद सीएम सम्राट चौधरी ने एक-एक कर सभी का अभिनंदन स्वीकार किया।

15 Apr 2026, 02:03:21 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: जारी है सम्राट चौधरी का अभिनंदन

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अभिनंदन कार्यक्रम अब समाप्ति पर है। भाजपा कार्यकर्ता जो लाइन में लगे हैं, वही सीएम का अभिनंदन करेंगे।

15 Apr 2026, 02:02:04 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार में सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा - सम्राट चौधरी

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत की है। सम्राट चौधरी ने कहा मैं आज से ही बिहार के लिए काम करना शुरू कर दूंगा। बिहार में सिर्फ मोदी-नीतीश मॉडल ही चलेगा।

15 Apr 2026, 01:49:14 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी ऊर्जावान नेता- संजय सेठ

Samrat Govt Oath LIVE: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, "सम्राट चौधरी बहुत ऊर्जावान नेता हैं। बिहार में जो बदलाव आया है, नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन लाने का काम हुआ... आज बिहार में बिजली, सड़क, पुल, पुलिया युवाओं के पास रोजगार है। महिलाएं सुरक्षित हैं। बिहार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के आशीर्वाद से देश का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा।"

15 Apr 2026, 01:40:28 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बीजेपी दफ्तर का गेट बंद, सम्राट चौधरी का हो रहा स्वागत

Samrat Govt Oath LIVE: पटना भाजपा कार्यालय में प्रवेश बंद कर दिया गया है। कार्यालय के भीतर मौजूद सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अभिनंदन करेंगे। बता दें कि सम्राट चौधरी के स्वागत में वहां भारी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे।

15 Apr 2026, 01:34:26 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा- चिराग पासवान

Samrat Govt Oath LIVE: लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें एनडीए का नेता चुने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर चिराग ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

15 Apr 2026, 01:32:00 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: नीतीश के अधूरे काम पूरा करेंगे- रामकृपाल यादव

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद बोले रामकृपाल यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के अधूरे कार्य को पूरा करने का काम करेंगे।

15 Apr 2026, 01:29:13 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार- बिजेंद्र प्रसाद

Samrat Govt Oath LIVE: उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा है कि नीतीश कुमार ने भले ही बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया हो, लेकिन आज भी वे हमारे गार्जियन हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि बहुत जल्द बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है।

15 Apr 2026, 01:26:44 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: मुकेश सहनी ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री और विजय चौधरी तथा बिजेन्द्र प्रसाद यादव को उप मुख्यमंत्री बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने विश्वास जताते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि हम सभी को विश्वास है कि सम्राट चौधरी न्याय, पारदर्शिता और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए बिहार को प्रगति के नए आयाम तक पहुंचाएंगे और बिहार से पलायन का दौर समाप्त होगा और उद्योग धंधे स्थापित होंगे।

15 Apr 2026, 01:25:29 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार के लिए आज का दिन ऐतिहासिक- मैथिली ठाकुर

Samrat Govt Oath LIVE: भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा, "आज बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन है। नीतीश कुमार बिहार को जंगल राज से निकालकर सुशासन के राज में लेकर आए हैं, उसी को आगे बढ़ाते हुए सम्राट चौधरी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पहले भी NDA के मुख्यमंत्री थे आज भी NDA के मुख्यमंत्री हैं।"

15 Apr 2026, 01:24:50 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट को बधाई देने कतार में खड़े कार्यकर्ता

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देने के लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं का तांता लगा हुआ है। बीजेपी दफ्तर में लोग कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। एक-एक कर वो सम्राट चौधरी को बधाई दे रहे हैं।

15 Apr 2026, 01:23:54 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: 24 घंटे में चाचाा जी पोस्टर से गायब- रोहिणी आचार्या

Samrat Govt Oath LIVE: रोहिणी आचार्या ने सम्राट चौधरी के नए मुख्यमंत्री बनने पर तंज कसा है। एक्स पर रोहिणी आचार्या ने लिखा, घोर बेईज्जती..चौबीस घंटे भी नहीं हुए और चाचा जी पोस्टर - विज्ञापन से भी गायब कर दिए गए .. इस्तीफे के पहले तक , चाचा जी के बिदकने की आशंका में , चाचा जी को ये कह कर ताड़ ( तार ) पर चढ़ाया जा रहा था कि " बिहार चाचा जी के हिसाब से , उनकी ही छत्रछाया में चलाया जाएगा ", मगर इस्तीफ़ा होते ही गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली जमात को चाचा जी की छाया व् तस्वीर से भी ऐतराज़ हो गया .. चाचा जी आज जिस कैच २२ सिचुएशन ( Catch 22 Situation) में फंसे हैं , उसके लिए ही कहा गया है " दुविधा में दोनों गए, माया मिली न राम" ..

15 Apr 2026, 01:21:30 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार बहुत आगे बढ़ेगा, बोले रविशंकर प्रसाद

Samrat Govt Oath LIVE: भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "ये संतोष का क्षण है, खुशी का क्षण है। भाजपा के मुख्यमंत्री बने हैं जो NDA के मुख्यमंत्री हैं। नीतीश कुमार ने जो 20 साल में काम की स्थापना की है वो मानक है उसको साथ लेते हुए आगे बढ़ाना है। बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।"

15 Apr 2026, 01:20:32 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: नरेंद्र मोदी, अमित शाह की कृपा से यह पद मिला- शकुनी चौधरी

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी ने कहा, "कभी-कभी ईश्वर की कृपा होती है। हमने पूरी लड़ाई लड़ी लेकिन सफलता नहीं मिली। आज अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की कृपा से ये पद मिला है..."

15 Apr 2026, 01:19:09 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी नीतीश के मार्गदर्शन में बिहार का विकास करेंगे- दिलीप जायसवाल

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है। आज सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। जिस तरह से हमारे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकसित बिहार का सपना देखा है, सम्राट चौधरी उनके मार्गदर्शन में बिहार को विकसित बिहार की ओर ले जाएंगे।"

15 Apr 2026, 01:18:06 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: जनता को विकास की अपेक्षा है - कांग्रेस

Samrat Govt Oath LIVE: कांग्रेस नेता अजीत शर्मा ने सम्राट चौधरी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर कहा, "मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूं कि वे बिहार के मुख्यमंत्री बने... क्योंकि केंद्र में भी उनकी सरकार है और प्रदेश में भी उनकी सरकार है तो इसलिए जनता अपेक्षा करती है कि बिहार का विकास होगा..."

15 Apr 2026, 01:17:03 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: भाजपा सांसद शंभू शरण पटेल ने सम्राट चौधरी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर कहा, "मैं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पूरी भाजपा की ओर से धन्यवाद व साधुवाद देता हूं। मैंने उनके साथ काम भी किया है... जो विकास की गति की बुनियाद नीतीश कुमार ने और भाजपा के पूर्व के नेताओं ने यहां पर रखी है, मुझे उम्मीद है कि वे भी पार्टियों को अच्छे से लेकर चलेंगे... बिहार की जो विकास की रफ्तार है वो अब दोगुनी तेजी से आगे बढ़ेगी।"

15 Apr 2026, 01:14:52 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी के स्वागत में भगवा रंग में रंगा बीजेपी कार्यालय

Samrat Govt Oath LIVE: भाजपा कार्यालय भगवा रंग में नजर आ रहा है। सम्राट चौधरी के स्वागत के लिए मधुबनी जिले समेत बिहार के अलग-अलग जगहों से कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। मंच पर बिहरा के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा बीजेपी के कई नेता नजर आ रहे हैं। सम्राट चौधरी ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया है।

15 Apr 2026, 01:11:55 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोश हाई

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी इस वक्त पटना के भाजपा कार्यालय में मौजूद हैं। भाजपा कार्यालय में सभी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का अभिनंदन कर रहे हैं। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं का जोश हाई नजर आ रहा है।

15 Apr 2026, 01:09:31 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बीजेपी कार्यालय में सम्राट चौधरी का अभिवादन

Samrat Govt Oath LIVE: बीजेपी कार्यालय में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अभिनंदन किया है। संजय सरावगी ने कहा भाजपा के लिए बड़ा दिन है। ऐतिहासिक दिन है। बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष और अध्यक्ष के बाद सरकार में कई विभागों के मंत्री के बाद मुख्यमंत्री बने हैं। मुख्यमंत्री ने खुद भाजपा कार्यालय आने की बात कही। उनका अपनी ही पार्टी कार्यालय में स्वागत है। सभी कार्यकर्ता बारी बारी से आकर मुख्यमंत्री का अभिवादन करेंगे। सबसे पहले महिलाएं अभिनंदन करेंगी।

15 Apr 2026, 01:06:18 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: तेजस्वी ने बिहार के नए 'सम्राट' पर कसा तंज

Samrat Govt Oath LIVE: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को शुभकामनाएँ दी है। बुधवार को जारी बयान में तेजस्वी ने तंज कसा कि सम्राट चौधरी जी द्वारा आज निर्वाचित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करने पर बधाई तथा चयनित मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं।

आशा है कि नए माननीय मुख्यमंत्री जी इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि 𝟐𝟏 वर्षों के एनडीए शासन उपरांत भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सत्तत विकास के सभी सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त विधि व्यवस्था, आय-निवेश, खर्च-खपत, नौकरी-रोजगार, गरीबी-पलायन, एक समान प्रगति-एकरूप संवृद्धि तथा मानव विकास के तमाम संकेतकों में बिहार राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम और बहुत पीछे है।

15 Apr 2026, 12:58:44 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: बीजेपी दफ्तर पहुंचे सम्राट चौधरी

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार भाजपा कार्यालय पहुंचे। ढोल-नगाड़े के साथ उनका स्वागत किया जा रहा है। गर्मजोशी के साथ भाजपा के नेता और कार्यकर्ता गगनभेदी नारा लगा रहे हैं। थोड़ी देर में मंच पर आयेंगे। कार्यकर्ता और नेता लाइन लगाकर खड़े हैं। बारी बारी से सभी नेता मुख्यमंत्री का अभिनंदन करेंगे। कार्यालय में भारी भीड़ है। कार्यालय छोटा पड़ गया है। मंच पर दो कुर्सी लगी है।

15 Apr 2026, 12:50:16 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: एक आंख से दुख के आंसू बह रहे- जीतन राम मांझी

Samrat Govt Oath LIVE:केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सम्राट चौधरी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर कहा, "जैसी सरकार उन्होंने(नीतीश कुमार) 20 साल तक चलाई, हम समझते हैं कि यदि कोई कमी रही भी होगी तो उसे पूरा करके सम्राट चौधरी बिहार को आगे ले जाएंगे..."

उन्होंने आगे कहा, "...मेरी दो आंखें हैं और एक आंख से सुख का आंसू बह रहा है तो दूसरी आंख से दुख के आंसू बह रहे हैं। दुख इसलिए क्योंकि जो जीतन मांझी आज है वो नीतीश कुमार के द्वारा ही पहचानित है। अगर 2014 में उन्होंने मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनाया होता तो हमारी इतनी चर्चा नहीं होती। सबसे बड़ी बात कि एक दलित के बच्चे को उन्होंने पद दिया तो स्वाभाविक है कि मेरी आंखों से आंसू कैसे न आते..."

15 Apr 2026, 12:47:06 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: सम्राट चौधरी ने की अधिकारियों संग बैठक

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के साथ बैठक की है। मुख्य सचिवालय में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत सभी वरीय अधिकारियों के साथ सीएम सम्राट चौधरी ने अहम बैठक की है।

15 Apr 2026, 12:45:46 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: अमित शाह ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया है कि सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी। साथ ही, एक सुरक्षित एवं विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में एनडीए की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।

15 Apr 2026, 12:42:57 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: योगी के मंत्री बिहार के 'सम्राट' को दे रहे बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सम्राट चौधरी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर कहा, "बिहार के लिए बहुत ऐतिहासिक दिन है। हम सम्राट चौधरी को बहुत बधाई देते हैं। निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो विज़न बिहार के विकास को लेकर है, उस विज़न पर पूरी गंभीरता से पार्टी काम करेगी। नीतीश कुमार ने बिहार को सजाने-सवारने का काम किया। उस बिहार को समृद्धि और विकास का वादा पीएम मोदी ने किया है... बिहार के विकास की जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से हमारे मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रिगण निभाएंगे... "

15 Apr 2026, 12:40:22 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: चिराग पासवान ने सम्राट चौधरी को दी बधाई

Samrat Govt Oath LIVE: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सम्राट चौधरी द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर कहा, "मैं सम्राट चौधरी को बहुत सारी बधाई, शुभकामनाएं देता हूं। उनके नेतृत्व में तमाम हम सहयोगी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत को लक्ष्य को, बिहार को विकसित राज्य बनाकर, बिहार को प्रथम बनाकर आगे बढ़ने का कार्य करेंगे। जो उम्मीदें उनकी युवा नेतृत्व वाली सरकार से है, उस विश्वास पर हम पूरी तरह से खरा उतरेंगे।"

15 Apr 2026, 12:36:13 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: मुख्यमंत्री बनते ही ऐक्शन में सम्राट चौधरी

Samrat Govt Oath LIVE: बिहार का मुख्यमंत्री बनते ही सम्राट चौधरी ऐक्शन में नजर आए। नया मुख्यमंत्री बनने के बाद वो सीधे सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाल लिया है। बताया जा रहा है कि यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक भी की है।

15 Apr 2026, 12:17:37 PM IST

Samrat Govt Oath LIVE: उनका DNA कांग्रेसी है- सम्राट चौधरी पर बोले कांग्रेस सांसद

Samrat Govt Oath LIVE: कांग्रेस संसद तारिक अनवर ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा, “उनका DNA कांग्रेसी है।”तारिक अनवर ने सम्राट चौधरी की राजनीतिक वंशावली की याद दिलाते हुए तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज भले ही सम्राट चौधरी भाजपा के झंडे तले 'हुंकार' भर रहे हों, लेकिन उनकी असलियत और उनका राजनीतिक DNA पूरी तरह से कांग्रेसी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।