एसडीआरएफ की चार टीम तैनात, मुंगेर की तरफ ट्रैफिक डायवर्ट, विक्रमशिला पुल पर माइकिंग
विक्रमशिला पुल का स्लैब टूटने के बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय नवगछिया जाने के लिए

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। रविवार की देर रात विक्रमशिला पुल के एक स्लैब के टूटकर गिरने के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए हैं और आम लोगों के नई व्यवस्था के साथ ही उनकी सुरक्षा को लेकर भी सक्रियता दिख रही है। घटना के बाद ही एसडीआरएफ की चार टीम बोट के साथ तैनात की गई है। उनकी टीम भागलपुर और नवगछिया में लगातार गश्त करती रही। बरारी और महादेवपुर घाट पर गोताखोर की भी तैनाती की गई। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि विक्रमशिला पुल से आवागमन ठप होने के बाद नवगछिया सहित पुल के पार अन्य जगहों पर जाने के लिए सुल्तानगंज से मुंगेर होते हुए ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है。
माइकिंग कर पुल की तरफ जाने से लोगों को रोका गया
विक्रमशिला पुल की तरफ जाने वाले लोगों को रोकने के लिए बैरियर लगाया गया और पुलिस माइकिंग करती रही। सूचना नहीं होने की वजह से काफी संख्या में लोग वाहन लेकर पुल के पहुंच पथ पर पहुंच गए थे। उन वाहनों को वापस लौटाया गया। काफी संख्या में पैदल भी लोग पुल की तरफ बढ़ रहे थे। उन्हें बताया गया कि पुल होकर आवागमन नहीं हो सकता इसलिए वे वापस चले जाएं। नवगछिया की तरफ भी भागलपुर की तरह ही बैरियर लगाकर लोगों को पुल की तरफ आने से रोका गया।
घाट पर पुलिस की तैनाती, नाव पर यात्रियों की सुरक्षा पर नजर
विक्रमशिला पुल पर आवागमन ठप होने के बाद लोग नवगछिया और भागलपुर की तरफ आने-जाने के लिए नाव का इस्तेमाल करने लगे। ऐसे में नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और अफरातफरी पर नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारी और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि नाव पर यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके, इसको लेकर प्रशासन और पुलिस के पदाधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने नाव संचालकों के साथ ही आम लोगों से भी अपील की कि क्षमता से ज्यादा लोग नाव पर सवार न हों।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन