सुल्तानगंज शहर दिन भर जाम से जूझता रहा
सुल्तानगंज, निज संवाददाता विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गिरने के बाद पुल पर यातायात बंद

सुल्तानगंज, निज संवाददाता विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गिरने के बाद पुल पर यातायात बंद होने का असर सुल्तानगंज क्षेत्र पर भी पड़ा। यहां यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। लोगों को लंबी दूरी तय कर वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। विक्रमशिला सेतु के बंद होने के कारण भारी वाहनों का रूट बदल दिया गया है। अब ट्रक और अन्य बड़े वाहन फोरलेन के रास्ते सुल्तानगंज होते हुए मुंगेर जिला में प्रवेश कर रहे हैं।रूट डायवर्ट होने के कारण सुल्तानगंज-भागलपुर मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। ऐसे में भागलपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों की संख्या बढ़ने से स्थिति और जटिल हो गई है।
जिस कारण शहर में सड़कों पर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। जाम के कारण आम लोगों सहित स्कूली वाहन, एंबुलेंस को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फोरलेन से गुजरने वाले ट्रक और बड़े वाहन से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। प्रशिक्षु आईपीएस एएसपी सह थानाध्यक्ष सायम रजा ने बताया कि जाम से निजात दिलाने के लिए मुख्य चौक, बाबा चौक, कृष्णगढ़ मोड़ पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। गश्ती पुलिस को भी जाम स्थल पर विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने ये भी बताया कि अकबरनगर थाना और बायपास थाना को फोरलेन से वाहन भेजने बोला गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन