नाव पर नकेल कसी तो टोटो-टेंपो चालकों ने शुरू की लूट
- मनमाना किराया वसूल रहे चालक, 20 रुपये तक ज्यादा कर रहे डिमांड भागलपुर, वरीय

भागलपुर, वरीय संवाददाता। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन ठप होने के बाद गंगा पार करने वाले यात्रियों की जेब अब टोटो और टेंपो चालक ढीली कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने नावों के किराए पर तो लगाम कस दी, लेकिन सड़कों पर शुरू हुई इस खुली मनमानी पर अब तक कोई ठोस नीति नहीं बनी है। बरारी घाट से स्टेशन जाने के लिए पहले जहां 20 से 25 रुपये किराया लगता था, वहीं अब प्रति सवारी 30 से 35 रुपये वसूले जा रहे हैं। तिलकामांझी जैसे कम दूरी के सफर के लिए भी 20 रुपये मांग की जा रही है। हद तो तब हो गई जब स्टेशन तक टोटो रिजर्व करने के लिए यात्रियों से 500 रुपये तक मांगे गए।घाट
पर फंसे यात्रियों का कहना है कि मजबूरी का फायदा उठाकर चालक लूट मचा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से अब तक किराए का कोई आधिकारिक चार्ट जारी नहीं किया गया है, जिसका फायदा ये चालक उठा रहे हैं। परेशान यात्रियों ने जिलाधिकारी से तुरंत हस्तक्षेप कर रूटवार किराया निर्धारित करने की मांग की है। कुछ ऐसे ही हालात नवगछिया स्थित महादेवपुर घाट पर देखने को मिला। इसको लेकर अस्थाई थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर केएनके सिंह ने बताया कि टेंपो-टोटो चालकों का भी रेट फिक्स करने को लेकर वरीय अधिकारियों से विचार विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन