पारा @41 पार, झुलसाती गर्मी ने आमजन को किया बेहाल
फोटो : भागलपुर का फिलिंग रहा 43 डिसे, 37-38 डिसे तापमान स्कूली बच्चों की वापसी

भागलपुर, वरीय संवाददाता। हीट वेव (लू) की चपेट में आये भागलपुर में आसमान से आग बरस रही है। इस वैशाख की पहली तपिश ने आमजनों का हाल बेहाल कर दिया। अभी जेठ की दुपहरी को झेलना बाकी है। करीब एक साल बाद 41 डिग्री सेल्सियस से तापमान ऊपर होने से सारे साधन नाकाफी साबित हो गए। बिजली की आंखमिचौली और लो-वोल्टेज के चलते घरों में एसी-पंखे भी राहत नहीं दे पाए। मंगलवार को फिलिंग 43 डिसे तक रहा। स्कूलों से वापस होने वाले बच्चों की शामत आ गई। शहर में जाम की भीषण समस्या के बीच बस-स्कूली वैन आदि काफी देर तक यत्र-तत्र फंसी रही।
इधर, सार्वजनिक स्थलों पर पानी की कमी लोगों को परेशान करती रही। बस स्टैंड, स्टेशन, अस्पतालों में ठंडा पानी के लिए आमलोग बेचैन रहे और बोतलबंद पानी खरीद कर प्यास बुझाई। नगर निगम द्वारा अब तक चौक-चौराहों पर शीतल पेयजल शिविर नहीं लगाया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार से शनिवार तक गर्मी बेहाल करेगी। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों में 11.30 बजे तक ही पढ़ाने का हुक्म जारी किया लेकिन इससे भी राहत नहीं मिलेगी।4.0 डिग्री सेल्सियस तक उछला दिन का पारा बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान जहां दिन का पारा 4.0 डिग्री सेल्सियस उछल गया वहीं रात के तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि हुई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से क्रमश: 3.6 डिग्री सेल्सियस व 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सुबह साढ़े आठ बजे 46 प्रतिशत रही आर्द्रता शाम साढ़े पांच बजे तक कम होकर 36 प्रतिशत पर पहुंच गई। वहीं बीते 24 घंटे में 1.2 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पछुआ बही।25 से बदलेगा मौसम, 27 तक बूंदाबांदी संभवबिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार से शुक्रवार के बीच दिन का पारा 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच तो रात का पारा 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। जबकि 25 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच आंशिक रूप से बादल छाएंगे और इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगी।एक-दो दिन में नगर निगम लगाएगा पेयजल शिविरभीषण गर्मी के बीच नगर निगम की ओर से हर साल विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाए जाने वाले पेयजल शिविर का इस साल कोई अता-पता नहीं है। जबकि मौसम का पारा अब 40 पार पहुंच चुका है। शहर में आने जाने वाले राहगीर पानी को तरस रहे हैं। इसको लेकर नगर प्रबंधक विनय प्रसाद यादव ने बताया कि अब तक उन्हें शिविर लगाने को लेकर कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं जलकल शाखा प्रभारी वशिष्ठ नारायण चौधरी ने बताया कि नगर आयुक्त का निर्देश प्राप्त कर शहर में जिन जगहों पर शिविर लगाया जाता है वहां पर तैयारी की जाएगी। एक से दो दिनों के भीतर शिविर लगा दिया जाएगा।रक्साडीह बस स्टैंड पर चिलचिलाती धूप से यात्री परेशानमंगलवार को दोपहर में रक्साडीह स्थित बस स्टैंड में लोग चिलचिलाती धूप से परेशान दिखे। बस से उतरने वाले और शहरी क्षेत्र से बस पकड़ने को स्टैंड पहुंचे लोग धूप से बचने के उपाय खोजते दिखे। स्टैंड पर महिलाएं और बच्चे ज्यादा परेशान दिख रहे थे। बस स्टैंड के पास सत्तू और ठंडे पेय पदार्थ की दुकानें कम होने से भी यात्रियों को परेशानी हो रही थी। बीच सड़क पर यात्री शहर की तरफ आने वाले ऑटो और टोटो का इंतजार करते दिख रहे थे।ट्रेन के एसी कोच से निकलने वाले यात्री संभलकर निकलेबढ़ते तापमान में गर्मी के सितम से बचने के लिए लोग अलग-अलग तरीके के उपाय करते दिखे। ट्रेन के एसी कोच से भागलपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले यात्री तुरंत बाहर धूप में निकलने से बचते दिख रहे थे। वे हॉल में कुछ देर रुकने के बाद बाहर ऑटो और टोटो के लिए निकल रहे थे। लोग शेड व छत तलाशते दिख रहे थे। भागलपुर रेलवे स्टेशन चौक से लेकर परिसर के अन्य जगहों पर मौजूद लोग कड़ी धूप से बचने के लिए किसी दुकान में छिपते दिखे तो काफी संख्या में लोग स्टेशन के हॉल में भी अपनों का इंतजार करते दिख रहे थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन