भागलपुर में बहू ने मांगा जमीन में हिस्सा, तो ससुराल वालों ने हत्या कर निकाल ली आंख; मकई के खेत में फेंका शव
भागलपुर के शाहकुंड स्थित सरहा गाँव में जमीन विवाद में किरण देवी (34) की उनके ससुराल वालों ने हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला की आंख निकाल ली और शव को मकई के खेत में फेंक दिया। मृतका के मायके वालों ने सास-ससुर और भैसुर समेत 7 लोगों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत सरहा गाँव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक महिला द्वारा ससुराल वालों से जमीन में हिस्सा मांगने पर उसकी लाठी-डंडे और धारदार हथियार से मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने मृतका की एक आंख तक निकाल ली और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर से करीब एक किलोमीटर दूर मकई के खेत में फेंक दिया। मृतका की पहचान 34 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई है। किरण के पति जनार्दन यादव की मृत्यु चार साल पहले ही हो चुकी थी। किरण अपने दो मासूम बेटों के भविष्य के लिए ससुराल वालों से जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रही थी। किरण 'जीविका समूह' से भी जुड़ी हुई थी और अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसके ससुराल वाले इस मांग के सख्त खिलाफ थे।
खेत में मिला क्षत-विक्षत शव
गुरुवार की सुबह जब किरण घर पर नहीं मिली, तो हड़कंप मच गया। दोपहर में गाँव के बाहर मकई के खेत में उसका शव बरामद हुआ। मृतका के पिता नेपाली महाराणा और भाई रोशन कुमार ने बताया कि किरण के चेहरे, नाक और सिर पर धारदार हथियार से वार किए गए थे और उसकी एक आंख निकाल ली गई थी। वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी नवनीत कुमार और थानाध्यक्ष अनिल कुमार साव पुलिस टीम, एफएसएल और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुँचे।
ससुराल पक्ष के 7 लोगों पर केस दर्ज
मृतका के मायके वालों के बयान पर सास, ससुर और दो भैसुर सहित कुल सात नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वारदात के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने फिलहाल एक महिला को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




साइन इन