एटीएम में लिखे हेल्पलाइन नंबर से सावधान! साइबर फ्रॉड के जाल में फंस सकते हैं; मुजफ्फरपुर में केस दर्ज
कार्ड फंस जाने पर एटीएम में दर्ज हेल्पलाइन पर फोन करने पर पीड़ित के खाते से हजारों की निकासी हो गई। थाने में शिकाय दर्ज कराई गयी है। पुलिस जांच कर रही है।

बिहार में साइबर फ्रॉड गिरोह का नया पैंतरा सामने आया है।अब एटीएम के हेल्पलाइन नंबर से ठगी का मामला सामने आया है। बिहार के मुजफ्फरपुर में ऐसे ही एक मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है। अहियापुर इलाके के एटीएम में साइबर शातिर हेल्पलाइन के बदले अपना नंबर लिखकर पर्ची चिपका रहे हैं। एटीएम फ्रॉड से जुड़े एक केस में यह सामने आया है।
अहियापुर थाने में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। पुलिस ने एटीएम का रखरखाव करने वाली एजेंसी के कर्मियों को जांच के दायरे में लिया है। एजेंसी के स्तर पर धोखाधड़ी के मामले पूर्व में भी सामने आ चुके हैं। सीसीटीवी वीडियो की एजेंसी से मांग की गयी है।
मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा न्यू कॉलोनी के राकेश कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया है कि 28 जून को वह बैरिया गोलंबर चौक के निकट एसबीआई के एटीएम से रुपये निकासी करने गए थे। मशीन में एटीएम कार्ड फंस गया। एटीएम से रुपये भी नहीं निकले। इसके बाद एटीएम कक्ष में चिपके सफेद कागज पर लिखे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की। कॉल रिसीव करने वाले ने पूरी बात पूछने के बाद कहा कि दो घंटे के बाद एटीएम से कार्ड निकालने जाएंगे।
एक घंटे के अंदर ही जब वे एटीएम पर दोबारा पहुंचे तो न कॉल रिसीव करने वाला व्यक्ति आया और न उनका कार्ड एटीएम में मिला। दोबारा उस नंबर पर कॉल की तो मोबाइल नेटवर्क से बाहर बताया। उन्होंने तत्काल एटीएम कार्ड को ब्लॉक करा दिया। जब बैंक में जानकारी ली तो पता चला कि कार्ड से 10 हजार व 4500 रुपये की निकासी हो चुकी थी। बैंक के अधिकारियों ने इसे साइबर फ्रॉड करार दिया। इधर पुलिस का कहना है कि चिपकाए गए नंबर से बदमाशों तक पहुंचने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। मेंटेनेंस एजेंसी से भी पूछताछ की जा रही है।




साइन इन