बढ़ती गर्मी से परेशान हो रहे जिलेवासी, दोपहर में चल रहा लू
मौसम ले रहा जिलेवासियों की कठिन परीक्षा, घर में दुबके रहने के लिए मजबूर हैं लोग* मौसम ले रहा जिलेवासियों की कठिन परीक्षा, घर में दुबके रहने के लिए मजब

बांका, नगर प्रतिनिधि -: जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को खूब परेशान किया। खासकर दोपहर के समय चल रही लू के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हो गए। जिले में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज जिलेवासियों की कठिन परीक्षा ले रहा है। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोग जरूरी कामों को जल्दी निपटाने की भरसक कोशिश करते हैं, मगर दोपहर होते-होते स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब पछुआ हवा करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है, जो गर्मी में खासा इज़ाफ़ा कर देती है।वहीं,
जिले का आद्रता का स्तर घटकर 24 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे वातावरण और शुष्क हो गया है। इधर गर्मी का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग पर देखने को मिल रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को तेज धूप में आना-जाना पड़ रहा है, जबकि दिहाड़ी मजदूरों को काम के सिलसिले में दिनभर बाहर रहना पड़ता है। इसके अलावा कार्यालय जाने वाले लोगों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उधर डॉक्टरों का कहना है कि, इस भीषण गर्मी में लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। ऐसे मौसम में शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि, गर्मी के इस मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। अधिक से अधिक पानी पीने के साथ-साथ खीरा, ककड़ी, तरबूज जैसे पानी से भरपूर फलों का सेवन करना चाहिए। साथ ही पारंपरिक पेय जैसे आम पन्ना, सत्तू घोल और नींबू पानी का उपयोग शरीर को ठंडक प्रदान करता है। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से राहत के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।*क्या कहते हैं मौसम विशेषज्ञ?*वर्तमान में पछुआ हवा और कम आद्रता के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचना चाहिए और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करना जरूरी है।डा. नेहा कुमारी,मौसम वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र बांका*क्या कहते हैं डॉक्टर?*तेज गर्मी और लू से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीना बेहद जरूरी है। हल्का और तरल आहार लें, धूप में निकलते समय सिर ढकें और खाली पेट बाहर न जाएं। डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना चाहिए।डॉ उस्मान घनीचिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल बांकाफोटो- 5बुधवार को स्कूल से घर जाते बच्चों को छाता के नीचे लेकर जाती महिलाएं
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन