भाजपा ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां
गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका को बताया सरकार की बड़ी उपलब्धि

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया।
सरकार की उपलब्धियां
पूर्व मंत्री सह विधान पार्षद संतोष सिंह, विधान पार्षद दिलीप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी और जिला मीडिया प्रभारी दीपक कुमार सिंह समेत अन्य नेताओं ने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा ने देश में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता दी गई है।
महत्वपूर्ण योजनाएं
प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिलने का दावा किया गया। नेताओं ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड, डिजिटल इंडिया और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) जैसी पहल से पारदर्शिता बढ़ी है और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचा है।
बुनियादी ढांचे का विकास
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे, मेट्रो नेटवर्क, हवाई अड्डों और सिंचाई परियोजनाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, रेलवे विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों के संचालन, अमृत भारत स्टेशन योजना तथा नए हवाई अड्डों के निर्माण को महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया गया। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना का भी उल्लेख किया गया।
सामाजिक उत्थान और सुरक्षा
वक्ताओं ने कहा कि सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास से गांवों की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है। महिलाओं के सशक्तीकरण, स्वरोजगार, छोटे उद्यमियों को ऋण सहायता तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं को भी सरकार की उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया गया।
भविष्य की दिशा
साथ ही सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, जी-20 की सफल अध्यक्षता, विदेशी निवेश में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए नेताओं ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लक्ष्य के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा जनभागीदारी के बल पर विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन